CSK VS DC: संजू सैमसन की नाबाद शतकीय पारी के बाद जैमी ओवरटन की घातक गेंदबाजी से चेन्नई सुपरकिंग्स की टीम ने शनिवार को आईपीएल 2026 में पहली जीत दर्ज की. चेन्नई सुपरकिंग्स की टीम ने दिल्ली कैपिटल्स को 23 रन मात दी.
चेन्नई सुपरकिंग्स की टीम ने टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में दो विकेट पर 212 रन बनाए. इसके जवाब में दिल्ली कैपिटल्स की टीम 20 ओवर में 189 रन के स्कोर पर ढेर हो गई. चेन्नई सुपरकिंग्स की तरफ से जेमी ओवरटन ने गेंद से कमाल दिखाया और चार ओवर में सिर्फ 18 रन देकर चार विकेट लिए. चेन्नई की टीम ने अपने घर में लगातार छह हार के बाद जीत दर्ज की है.
सैमसन ने 56 गेंदों की नाबाद पारी में 15 चौकों और चार छक्कों की मदद से 115 रन बनाए. उन्हें दूसरे छोर से आयुष महात्रे का अच्छा साथ मिला, जिन्होंने रिटायर आउट होने से पहले 36 गेंदों में तीन चौकों और चार छक्कों की मदद से 59 रन बनाए. सैमसन के आईपीएल करियर का यह चौथा शतक और सुपरकिंग्स के लिए उनका पहला शतक है. सैमसन को प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब भी दिया गया.
चार मैचों में पहली जीत से सुपरकिंग्स की टीम अंक तालिका में नौवें स्थान पर पहुंच गई, जबकि दिल्ली कैपिटल्स चार मैचों में दूसरी हार के बाद चौथे स्थान पर है. दिल्ली कैपिटल्स के लिए ट्रिस्टन स्टब्स ने 38 गेंदों में चार चौकों और तीन छक्कों की मदद से 60 रन की पारी खेली। पथुम निसंका ने 41 रन का योगदान दिया, लेकिन यह टीम के लिए काफी साबित नहीं हुआ. ओवरटन ने बल्लेबाजों के लिए आसान परिस्थितियों में चार ओवर में महज 18 रन देकर चार विकेट लिए, उन्हें अंशुल कंबोज का अच्छा साथ मिला, जिन्होंने चार ओवर में 35 रन देकर तीन विकेट लिए.
मैच में दोनों टीमों के क्षेत्ररक्षण ने बड़ा अंतर पैदा किया, कैपिटल्स ने जहां कैच पकड़ने और रन आउट करने के कुछ आसान मौके गंवाए, वहीं सुपरकिंग्स के क्षेत्ररक्षकों ने शानदार कैच लपके.
लक्ष्य का पीछा करते हुए निसंका और लोकेश राहुल (18) ने दिल्ली कैपिटल्स को तेज शुरुआत दिलाई. निसंका ने दूसरे ओवर में खलील अहमद के खिलाफ एक छक्का और दो चौके लगाए, तो वहीं राहुल ने अकील हुसैन की लगातार गेंदों पर चौका और छक्का जड़कर आक्रामक तेवर दिखाए. राहुल ने अगले ओवर में कंबोज का स्वागत चौके से किया, जबकि निसंका ने ओवर का अंत लगातार गेंदों पर चौके और छक्के से किया, जिससे टीम ने चार ओवर के अंदर ही 50 रन पूरे कर लिए. खलील ने राहुल को चलता कर मौजूदा सत्र का अपना पहला विकेट झटका, तो वहीं कंबोज ने छठे ओवर में निसंका को आसान जीवनदान मिलने के बाद अगली गेंद पर चलता कर टीम को नुकसान से बचा लिया.
मौजूदा सत्र का पहला मैच खेल रहे बाएं हाथ के तेज गेंदबाज गुरजपनीत सिंह की पहली गेंद पर ही सरफराज खान ने पॉइंट पर शानदार कैच लपककर अक्षर पटेल (1) को चलता किया, तो वहीं ओवरटन ने शानदार लय में चल रहे समीर रिजवी (6) को डेवाल्ड ब्रेविस के हाथों कैच कराया. इस विकेट के साथ ही दिल्ली का स्कोर बिना किसी नुकसान के 61 रन से चार विकेट पर 76 रन हो गया.
अनुभवी डेविड मिलर (17) और ट्रिस्टन स्टब्स क्रीज पर थे, स्टब्स ने गुरजपनीत, तो वहीं मिलर ने नूर अहमद पर छक्का लगाकर 11वें ओवर में टीम के रनों का सैकड़ा पूरा किया. स्टब्स ने खलील के खिलाफ अपना दूसरा छक्का जड़ा, जिससे दिल्ली की टीम ने पिछले दो ओवरों में 30 रन बटोरकर सुपरकिंग्स पर दबाव बनाना शुरू ही किया था कि ओवरटन ने मिलर को बोल्ड कर राहत दिलाई. आशुतोष शर्मा (19) ने क्रीज पर आते ही इसी ओवर में छक्का जड़ने के बाद नूर की गेंद को भी दर्शकों के पास भेजा, लेकिन अफगानिस्तान के इस बाएं हाथ के स्पिनर ने धीमी गेंद पर उन्हें चकमा देकर कैपिटल्स को छठा झटका दिया, नूर के लिए भी यह सत्र का पहला विकेट है.
डेब्यू मैच खेल रहे औकिब नबी ने पहली गेंद पर चौके से खाता खोला, लेकिन ओवरटन की गेंद को हवा में लहरा बैठे और अकील ने शानदार कैच लपक लिया. स्टब्स ने गुरजपनीत के खिलाफ चौका और छक्का लगाकर कैपिटल्स को मैच में बनाए रखा, लेकिन ओवरटन ने 19वें ओवर में उनकी पारी पर विराम लगाकर सुपरकिंग्स की जीत पक्की कर दी.
पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर सुपरकिंग्स के लिए सैमसन ने आयुष महात्रे के साथ दूसरे विकेट के लिए 113 रनों की शानदार साझेदारी की, सैमसन की आक्रामक बल्लेबाजी के विपरीत कप्तान रुतुराज गायकवाड़ अपेक्षित तेजी नहीं दिखा सके और पहले विकेट के लिए 62 रन की साझेदारी में उनका योगदान 18 गेंदों में 15 रन का ही रहा.
सैमसन ने पारी के दौरान कई आकर्षक शॉट लगाए, जिसमें कुलदीप यादव की गेंद पर एक्स्ट्रा कवर के ऊपर जड़ा गया छक्का खास रहा। उन्हें 55 रन पर जीवनदान भी मिला, जब अक्षर पटेल की गेंद पर पथुम निसंका ने उनका आसान कैच टपका दिया. महात्रे ने भी दूसरे छोर से प्रभावशाली बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक जड़ा और चेन्नई की पारी को मजबूती प्रदान की, जिससे टीम बड़े स्कोर तक पहुंचने में सफल रही. सैमसन ने 26 गेंदों में अपना अर्धशतक, जबकि 52 गेंदों में अपना शतक पूरा किया, वहीं महात्रे ने 27 गेंदों में अपना पचासा पूरा किया.
सुपरकिंग्स के प्रबंधन ने हालांकि रनगति को और तेज करने के लिए महात्रे को रिटायर्ड आउट करने का फैसला किया और उनकी जगह क्रीज पर आए शिवम दुबे ने 10 गेंदों में दो चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 20 रन बनाए. कैपिटल्स के लिए एकमात्र सफलता अक्षर पटेल को मिली.