IPL 2026: विराट कोहली आईपीएल में इतिहास रचने से सिर्फ 9 शॉट दूर, अब लगेगा ‘तिहरा शतक’

IPL 2026 Virat Kohli : IPL 2026 का आगाज 28 मार्च से हो रहा है. पहला मुकाबला बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच होगा. इस मुकाबले के साथ ही फैंस एक बार फिर विराट कोहली की बैटिंग का मजा ले पाएंगे. विराट कोहली फिलहाल सिर्फ वनडे क्रिकेट खेलते हैं, उन्होंने टेस्ट और टी20 को अलविदा कह दिया है लेकिन आईपीएल में वो लगातार 2 महीने मैदान पर नजर आने वाले हैं. बता दें आईपीएल 2026 में विराट कोहली एक बड़े कारनामे को अंजाम देने वाले हैं. विराट कोहली इस कारनामे से महज 9 शॉट दूर हैं. आइए आपको बताते हैं कि कौन सा रिकॉर्ड विराट के निशाने पर है.

300 छक्कों से 9 कदम दूर विराट

विराट कोहली आईपीएल में 300 छक्के पूरे कर सकते हैं. ये खिलाड़ी 300 छक्कों से सिर्फ 9 छक्के दूर हैं. फिलहाल विराट कोहली ने 259 पारियों में 291 छक्के लगा दिए हैं. आईपीएल में 300 छक्के लगाने का कारनामा सिर्फ रोहित शर्मा ने किया है, उन्होंने 302 छक्के लगा दिए हैं. वैसे आईपीएल में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम है, जिन्होंने 357 छक्के जड़े हैं. विराट का गेल तक पहुंचना तो मुश्किल है लेकिन वो रोहित शर्मा के पीछे जरूर हैं. विराट कोहली आईपीएल में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय बन सकते हैं. विराट के आईपीएल में सबसे ज्यादा चौके भी हैं. वो इस टूर्नामेंट में 771 चौके लगा चुके हैं.

विराट कोहली से अच्छे प्रदर्शन की आस

विराट कोहली से इस सीजन में भी अच्छे प्रदर्शन की आस है. दरअसल ये खिलाड़ी अब अलग ही अंदाज में बैटिंग कर रहा है. विराट कोहली क्रीज पर आते ही छक्के लगा रहे हैं जो कि उनके पूरे करियर में पहले कभी नहीं दिखा था. विराट कोहली ने अपनी पिछली पांच पारियों में 2 शतक लगाए हैं, वहीं एक बार वो शतक से चूके हैं. उनके नाम एक अर्धशतक भी है. उनकी इस फॉर्म को देखकर लग रहा है कि ये खिलाड़ी इस बार काफी रन बनाएगा. आईपीएल 2025 में विराट ने 54 से ज्यादा की औसत से 657 रन बनाए थे. उन्होंने 8 अर्धशतक लगाए और उनके बल्ले से 19 छक्के और 66 चौके निकले थे.