IPL 2026: रोहित शर्मा से हुई बड़ी गलती, मुंबई इंडियंस को कराया 30 रनों का नुकसान

IPL 2026, Rohit Sharma: कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने आईपीएल 2026 के दूसरे मैच में मुंबई इंडियंस के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट पर 220 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया. वानखेड़े स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में केकेआर की पारी में अजिंक्य रहाणे और युवा अंगकृष रघुवंशी की विस्फोटक बल्लेबाजी सबसे ज्यादा चर्चा में रही. अजिंक्य रहाणे ने 27 गेंदों में अर्धशतक जड़कर पारी की शुरुआत को तेज रफ्तार दी, वहीं अंगकृष रघुवंशी ने भी 29 गेंदों पर 51 रनों की धमाकेदार पारी खेली. दोनों खिलाड़ियों ने मिलकर मुंबई की गेंदबाजी को काफी परेशान किया. वहीं, रोहित शर्मा की एक गलती मुंबई की टीम को काफी भारी पड़ी.

रोहित शर्मा की महंगी गलती

दरअसल, केकेआर की पारी के 15वें ओवर में मुंबई इंडियंस को एक बड़ी गलती का खामियाजा उठाना पड़ा. अल्लाह गजनफर की गेंद पर अंगकृष रघुवंशी ने लॉन्ग-ऑन की तरफ एक शॉट खेला. रोहित शर्मा ने कैच लेने की कोशिश की, लेकिन गेंद उनके हाथों से फिसल गई और बाउंड्री तक जा लगी. उस समय अंगकृष रघुवंशी सिरफ 21 रन पर खेल रहे थे. रोहित की ओर से छोड़ा गया ये कैच ने मुंबई को भारी पड़ा.

कैच छूटने के बाद रघुवंशी ने मौके का पूरा फायदा उठाया और अपनी पारी को आगे बढ़ाते हुए कुल 51 रन बना दिए. यानी कैच छूटने के बाद उन्होंने 30 रन और बनाए. इस ड्रॉप कैच ने केकेआर की पारी को और मोमेंटम दिया और स्कोर 220 के पार पहुंचाने में मदद की. अंगकृष रघुवंशी ने अपनी इस पारी के दौरान 175.86 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए, जिसमें 6 चौके और 2 छक्के शामिल रहे.

अंगकृष रघुवंशी का जमकर चला बल्ला

अंगकृष रघुवंशी ने अपनी इस पारी के दौरान अजिंक्य रहाणे और रिंकू सिंह के साथ अहम साझेदारियां कीं. उन्होंने रहाणे के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 36 रन जोड़े. इसके बाद चौथे विकेट के लिए रिंकू के साथ 30 गेंदों पर 60 रनों की साझेदारी निभाई.