IPL 2026: मुझे माफ कर दो…RCB के खिलाड़ी ने मांगी माफी, केस लेगा वापस

Nuwan Thushara: नुवान तुषारा ने चौंकाने वाला फैसला लेते हुए गजब का यूटर्न लिया है. दाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड के खिलाफ किए गए केस को वापस लेने का फैसला किया है. यही नहीं तुषारा ने श्रीलंका बोर्ड से माफी भी मांग ली है. श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने तुषारा को एनओसी नहीं दी थी जिसके बाद वो क्रिकेट बोर्ड के खिलाफ कोर्ट चले गए थे. लेकिन अब उन्होंने इस कदम के लिए माफी मांग ली है. सूत्रों के मुताबिक श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड को तुषारा ने ईमेल लिखकर कहा कि उनका इरादा बोर्ड को परेशान करना नहीं था.

तुषारा ने केस वापस लिया

नुवान तुषारा ने कहा कि वो न्याय की तलाश में थे. उन्हें लग रहा था कि उनके साथ अन्याय हुआ है. फिलहाल इस मामले की तारीख 23 अप्रैल है और अब ऐसा लग रहा है कि उससे पहले ही केस वापस ले लिया जाएगा. बता दें श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड का नियम है कि जबतक कोई खिलाड़ी फिटनेस टेस्ट पास नहीं करेगा वो विदेशी लीग्स में नहीं खेल सकता. फिलहाल श्रीलंका की ओर से पाथुम निसंका और दासुन शनाका आईपीएल में खेल रहे हैं. उन्होंने फिटनेस टेस्ट पास कर लिया था. वहीं दूसरी ओर पथिराना, तुषारा अबतक आईपीएल में हिस्सा लेने के लिए भारत नहीं पहुंचे हैं. वहीं लेग स्पिनर वानेंदु हसारंगा भी आईपीएल से बाहर हो गए हैं.

हसारंगा की जगह लिंडे को मौका

वानेंदु हसारंगा को 2 करोड़ के बेस प्राइस पर लखनऊ सुपरजायंट्स ने खरीदा था लेकिन ये खिलाड़ी खराब फिटनेस की वजह से आईपीएल से बाहर हो गया. अब इस खिलाड़ी की जगह साउथ अफ्रीकी स्पिनर जॉर्ज लिंडे को स्क्वाड में शामिल किया गया है. लिंडे को 250 टी20 मैचों का अनुभव है और वो 218 विकेट ले चुके हैं.