IPL 2026 के शेड्यूल को लेकर बड़ा अपडेट, इस बार देखने को मिलेगा ये बड़ा बदलाव

ई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह बढ़ता जा रहा है. माना जा रहा है कि टूर्नामेंट की शुरुआत मार्च के अंतिम सप्ताह में हो सकती है. हालांकि, देश के कुछ राज्यों में होने वाले चुनावों को देखते हुए शेड्यूल को दो चरणों में जारी करने की योजना बनाई जा रही है, ताकि सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित न हो.

2 मार्च को आयोजित इंडियन प्रीमियर लीग की गवर्निंग काउंसिल बैठक में पहले चरण के कार्यक्रम को लगभग अंतिम रूप दे दिया गया. रिपोर्ट के मुताबिक, पहले फेज का शेड्यूल 6 या 7 मार्च तक घोषित किया जा सकता है. दूसरे चरण का कार्यक्रम चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद जारी किया जाएगा.

बेंगलुरु में होगा उद्घाटन मुकाबला

इस बीच रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने जानकारी दी है कि टीम अपने शुरुआती पांच मुकाबले, जिनमें सीजन का पहला मैच भी शामिल है, बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेलेगी. इससे यह लगभग तय माना जा रहा है कि टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला बेंगलुरु में होगा. कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव ने भी पुष्टि की है कि बेंगलुरु में फाइनल के साथ एक प्लेऑफ मुकाबला भी आयोजित किया जाएगा.

जल्द तस्वीर साफ होगी

BCCI ने फ्रेंचाइजियों को बताया है कि कप्तानों की बैठक से जुड़ी जानकारी अगले सप्ताह साझा की जाएगी. बताया जा रहा है कि आईपीएल 2026 का पहला चरण लगभग 13 से 14 दिनों का हो सकता है. विदेशी खिलाड़ियों के लिए नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट भी जल्द एक साथ जारी किए जाने की संभावना है. पहले यह खबर आई थी कि टूर्नामेंट 28 या 29 मार्च से शुरू हो सकता है. आईपीएल 2026 के शेड्यूल को लेकर तस्वीर जल्द साफ होने वाली है और फैंस को आधिकारिक घोषणा का इंतजार है.

RCB के समर्थकों को तोहफा

एक दिन पहले डिफेंडिंग चैंपियन RCB के समर्थकों के लिए बड़ी खबर सामने आई थी. टीम प्रबंधन ने मंगलवार को इस सीजन के लिए अपने घरेलू मैचों के स्थान की औपचारिक घोषणा कर दी. लंबे समय से यह चर्चा चल रही थी कि इस बार टीम अपने मैच कहां खेलेगी, लेकिन अब स्थिति साफ हो गई है.

रिपोर्ट के मुताबिक, आरसीबी अपने सात घरेलू मुकाबलों में से पांच मैच बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेलेगी. वहीं, बाकी दो मुकाबले रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में आयोजित किए जाएंगे.

Leave a Comment