पिछले करीब 7-8 महीनों से भारतीय क्रिकेट में एक सवाल लगातार उठ रहा है- मोहम्मद शमी की टीम इंडिया में वापसी क्यों नहीं हो रही? इसको लेकर काफी विवाद हुआ है. यहां तक कि शमी और चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर ने मीडिया के जरिए एक-दूसरे पर निशाने साधे हैं. फिर भी घरेलू क्रिकेट में शमी ने लगातार दमदार प्रदर्शन कर खुद को साबित किया. अब वो यही कमाल आईपीएल में भी दिखा रहे हैं. आईपीएल 2026 सीजन में लखनऊ सुपर जायंट्स का हिस्सा बनकर मैदान पर उतरे स्टार तेज गेंदबाज शमी ने दो मैच में सिर्फ 8 गेंदों के अंदर 3 धुरंधर बल्लेबाजों को ढेर कर दिया.
पिछले सीजन में सनराइजर्स हैदराबाद का हिस्सा रहे मोहम्मद शमी को नए सीजन के लिए लखनऊ सुपर जायंट्स ने खरीदा था और उसका ये फैसला सही साबित होता दिख रहा है. ऋषभ पंत की कप्तानी वाली लखनऊ को आईपीएल 2026 के अपने पहले ही मैच में हार का सामना करना पड़ा हो लेकिन शमी ने अपनी गेंदबाजी से काफी प्रभावित किया. दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ सीजन के पहले मैच में शमी ने ही गेंदबाजी की शुरुआत की और पहली ही गेंद पर स्टार ओपनर केएल राहुल को आउट कर दिया.
खाता नहीं खोल सके अभिषेक
मगर सिर्फ राहुल को ही शमी ने अपना शिकार नहीं बनाया बल्कि दूसरे मैच में भी उन्होंने पहले ओवर में ही कहर बरपा दिया. अपनी पिछली टीम सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले में शमी ने पहले ओवर में विस्फोटक ओपनर अभिषेक शर्मा को भी खाता खोले बिना पवेलियन लौटा दिया. अभिषेक सिर्फ 2 गेंदों का ही सामना कर सके. शमी ने अभिषेक को 6 पारियों में दूसरी बार आउट किया है जबकि स्टार बल्लेबाज ने शमी के खिलाफ 26 गेंदों में सिर्फ 20 रन ही बनाए हैं.
ट्रेविस हेड को पहली टक्कर में किया ढेर
वहीं उनके जोड़ीदार ट्रेविस हेड भी ज्यादा देर नहीं टिक सके. शमी ने अपने दूसरे ओवर की पहली ही गेंद पर हेड को भी आउट कर दिया. हेड और शमी का टी20 क्रिकेट में ये पहली बार आमना-सामना था और शमी ने उन्हें सिर्फ 5 गेंदों के अंदर सिर्फ 1 रन पर समेट दिया. इस तरह शमी ने दो अलग-अलग मैचों में सिर्फ 8 गेंदों के अंदर राहुल, अभिषेक और ट्रेविस हेड जैसे 3 विस्फोटक बल्लेबाजों को पवेलियन लौटाकर आलोचकों को करारा जवाब दिया, जो लगातार उन पर सवाल उठाते रहे हैं.