IPL 2026: अब इस देश में भी दिखाए जाएंगे आईपीएल के मैच, सरकार लेने वाली है बड़ा फैसला

IPL 2026 Bangladesh: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के आगाज से पहले एक बड़ी खबर सामने आई है. बांग्लादेश में आईपीएल का प्रसारण हो सकता है और वहां की नई सरकार बैन हटाने पर विचार कर रही है. बांग्लादेशी मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक बांग्लादेश के खेल मंत्री अमीनुल हक ने इशारों ही इशारों में ये कहा है कि पूर्व सरकार ने आईपीएल के प्रसारण पर जो रोक लगाई थी उस फैसले पर विचार होगा. अगर ऐसा हुआ तो बांग्लादेश के लोग भी दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग का मजा ले पाएंगे.

बांग्लादेश के खेल मंत्री ने क्या कहा?

बांग्लादेश के खेल मंत्री ने क्रिकबज से बातचीत में कहा कि फिलहाल सरकार ने इसपर चर्चा नहीं की है लेकिन ईद की छुट्टियों के बाद इसपर विचार होगा. उन्होंने कहा, ‘ईद की छुट्टियों के बाद हम क्रिकेट बोर्ड के साथ बैठक करेंगे जिसपर असल पिक्चर पर चर्चा होगी.’ टी20 वर्ल्ड कप से पहले आईपीएल फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स ने बीसीसीआई के आदेश पर मुस्तफिजुर रहमान को बाहर कर दिया था. उस वक्त भारत और बांग्लादेश के बीच तल्ख रिश्ते थे.

बांग्लादेश ने उठाए अजीबोगरीब कदम

मुस्तफिजुर रहमान को बाहर करने के बाद बांग्लादेश की सरकार ने अजीबोगरीब कदम उठाए जिससे उनके ही देश की टीम को नुकसान पहुंचा. रहमान को बाहर करने के बाद बांग्लादेशी सरकार ने अपने सभी मुकाबले भारत से बाहर शिफ्ट करने की मांग की जिसे आईसीसी ने नहीं माना. आईसीसी ने बांग्लादेश की टीम को ही टी20 वर्ल्ड कप से बाहर कर दिया और उसके बदले स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में एंट्री मिली. इस फैसले से बांग्लादेशी खिलाड़ियों को काफी नुकसान हुआ. हालांकि अब बांग्लादेश में सरकार बदल चुकी है जिसके बाद से बांग्लादेशी क्रिकेट बोर्ड का रुख भी बदला है. अब देखना ये है कि सरकार के साथ बैठक में आईपीएल के प्रसारण पर आखिरी फैसला क्या होता है?