India vs South Africa: संजू सैमसन को बेंच पर बैठाना टीम इंडिया के लिए घातक है, जानिए वजह

भारत और साउथ अफ्रीका के बीच मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगा. इस मुकाबले से पहले पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने संजू सैमसन को प्लेइंग इलेवन में मौका देने की डिमांड की है. उन्होंने इसकी बेहद खास वजह बताई. मोहम्मद कैफ ने कहा कि टीम इंडिया के बैटिंग ऑर्डर में ऐसी कमजोरी है जिसका फायदा विपक्षी टीम उठा सकती है. उन्होंने बताया कि क्यों संजू सैमसन के आने से टीम इंडिया को फायदा होगा. आइए आपको बताते हैं कि मोहम्मद कैफ का आखिर कहना क्या है.

संजू सैमसन आए तो..

मोहम्मद कैफ ने अपने एक्स अकाउंट पर दिल की बात शेयर की. उन्होंने कहा कि टीम इंडिया में काफी ज्यादा लेफ्ट हैंडर्स हैं और इसका फायदा विरोधी उठा सकते हैं. कैफ ने लिखा, ‘भारत के टॉप ऑर्डर में काफी ज्यादा लेफ्ट हैंडर्स हैं. ये किसी भी विरोधी के लिए प्लान बनाने के लिए आसान है. वो ऑफ स्पिनर्स को उनके खिलाफ लगा सकती है. संजू सैमसन को प्लेइंग इलेवन में जोड़कर चीजें बदली जा सकती हैं.’

संजू आए तो बाहर कौन जाएगा?

संजू सैमसन को टीम इंडिया मौका देगी या नहीं ये तो नहीं पता लेकिन उन्हें तिलक वर्मा की जगह खिलाने की बात जरूर हो रही है. तिलक वर्मा ने इस टी20 वर्ल्ड कप में शुरुआत तो की है लेकिन उनका स्ट्राइक रेट चिंता का विषय है. इस खिलाड़ी ने अबतक 4 मैचों में 106 रन बनाए हैं, उनकी बैटिंग एवरेज 26.5 की है. इस खिलाड़ी का स्ट्राइक रेट सिर्फ 120 का है, जो कि काफी कम है. वहीं संजू सैमसन को अबतक एक ही मैच में मौका मिला है और इस खिलाड़ी ने एक मैच में 22 रन बनाए हैं. गौर करने वाली बात ये है कि उनका स्ट्राइक रेट 275.00 का रहा था. अब देखना ये है कि साउथ अफ्रीका के खिलाफ सुपर 8 के मैच में टीम इंडिया किस प्लेइंग इलेवन के साथ मैदान पर उतरेगी.