T20 World Cup Warm up Matches: साउथ अफ्रीका के खिलाफ नवी मुंबई में वॉर्मअप मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी. टॉस के बाद खास बात ये रही कि कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टीम इंडिया की ओपनिंग ही बदल दी. सूर्यकुमार यादव ने सिक्के की बाजी जीतने के बाद कहा कि ओपनिंग अभिषेक शर्मा के साथ ईशान किशन करेंगे. मतलब पहले संजू सैमसन से विकेटकीपिंग छीनी गई और अब उन्हें ओपनिंग से भी हटा दिया गया है.
ईशान किशन को अच्छी बैटिंग का इनाम
ईशान किशन ने न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में कमाल प्रदर्शन किया था. उन्होंने सीरीज में एक शतक और एक अर्धशतक लगाया था और उनके बल्ले से 215 रन निकले थे. इस प्रदर्शन के बाद उन्हें संजू सैमसन पर वरीयता दी गई है. न्यूजीलैंड के खिलाफ पांचवें टी20 में ईशान को संजू की जगह विकेटकीपिंग कराई गई और अब उन्हें ओपनिंग भी दे दी गई है. टीम इंडिया का ये फैसला इस बात की ओर इशारा करता है कि टी20 वर्ल्ड कप के पहले मैच में संजू सैमसन नहीं बल्कि ईशान किशन ओपनिंग करेंगे.
संजू सैमसन का पत्ता साफ
न्यूजीलैंड के खिलाफ पांचों टी20 मैचों में फेल होने का नुकसान सैमसन को झेलना ही होगा. अब ये खिलाड़ी टी20 वर्ल्ड कप के मुकाबलों में भी शायद ही प्लेइंग इलेवन में नजर आएगा क्योंकि अगर ईशान किशन ओपनिंग कर रहे हैं तो इसका मतलब ये है कि तिलक वर्मा नंबर 3 पर खेलेंगे. हालांकि ईशान और तिलक वर्मा के लिए भी रन बनाने इतने आसान नहीं रहने वाले. क्योंकि नंबर 3 पर बैटिंग करना और ओपनिंग में बैटिंग करने में फर्क होता है. दूसरी ओर तिलक वर्मा चोट से उबरकर वापसी कर रहे हैं और क्वालिटी बॉलिंग अटैक के खिलाफ उनके लिए रन बनाना मुश्किल जरूर होगा.