खेले जा रहे T20 World Cup 2026 में दुनिया भर और खासकर एशियाई महाद्वीप के क्रिकेट फैंस के लिए वह बड़ा दिन आ ही गया, जिसका इंतजार वह पिछले दिनों बांग्लादेश पर मचे ‘घमासान’ के बाद वे बहुत ही बेसब्री के साथ कर रहे हैं.
अब क्रिकेट, पूर्व दिग्गजों और फैंस की बातें रविवार को खेले जाने वाले वर्ल्ड कप के सबसे बड़े मैचों में से एक भारत बनाम पाकिस्तान (India vs Pakistan) मुकाबले पर जाकर ठहर गई हैं. और करीब करीब पिछले वर्ल्ड कप से ही इस फॉर्मेट में आग उगल रहे भारतीय धुरंधर पड़ोसी के खिलाफ ‘ऑपरेशन’करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं. और पिछले करीब दो साल के आंकड़ों, फॉर्म और क्षमता पर नजर दौड़ाई जाए, तो अगर कुछ अप्रत्याशित या बहुत हद तक प्रत्याशित (बारिश) न हुआ, तो भारतीय धुरंधरों को कोलंबो में कमाल करने से कोई नहीं रोक सकता. बहरहाल, आप इस मेगा मुकाबले और भारतीय पहलु से खास बातें जान लीजिए:-
पिच और मौसम का हाल
T20 World Cup 2026 यह मेगा मुकाबा उसी पिच पर खेला जाएगा जहाँ ऑस्ट्रेलिया बनाम ज़िम्बाब्वे का मुकाबला हुआ था. शनिवार तक पिच पर थोड़ी घास दिख रही थी. यह संकेत इस बात का है कि मैदान की सामान्य पिचों की तुलना में पिच कुछ हद तक फ्लैट रह सकती है. हालांकि, बड़ा सवाल मौसम का है. शनिवार को बारिश के कारण दोपहर में कवर बिछाने पड़े. मैच की शाम को भी बारिश की काफ़ी संभावना बनी हुई है. भारत की टीम शुक्रवार देर रात कोलंबो पहुँची और उन्हें मैदान पर सिर्फ एक सत्र का अभ्यास मिला है. पाकिस्तान के लिए तुलनात्मक रूप से फायदे की बात यह है कि इस टीम को टूर्नामेंट में यात्रा नहीं करनी पड़ी है. उन्होंने अब तक प्रेमदासा में कोई मैच नहीं खेला है. पाकिस्तान की दोनों दोनों जीत SSC में ही आई हैं.
एप्रोच का सबसे बड़ा टेस्ट
नामीबिया के खिलाफ सहायक कोच रेयायन टेन डोइशचेट ने बैटिंग एप्रोच की बात कही थी. दिल्ली में तो इसमें बदलाव नहीं आया, लेकिन कोलंबो की पिच बदलाव करने पर जरूर मजबूर कर देगी. फिर चाहे बैटिंग पहले हो या बाद में. देखना होगा कि यहां तक भारतीय बल्लेबाज किस एप्रोच और लक्ष्य को ध्यान में रखकर खेलते हैं? अभिषेक और ईशान दोनों के लिए यह पहली बार ऐसे हालत हैं. मंच भी बड़ा है, हालात भी नए हैं. इन दोनों का लगाया ‘सुर’ ही आने वाले बल्लेबाजों का मार्ग प्रशस्त करेगा?
एक्स्ट्रा स्पिनर की एंट्री
यह पिच ही है, जिसने कोलंबो की जंग को मानो ‘स्पिनरों के अखाड़े’ में तब्दील कर दिया. पाकिस्तान ने चार स्पिनरों के जरिए भारतीय बल्लेबाजों पर ‘फंदा कसने’ का प्लान किया है, तो भारतीय प्रंबधन लेफ्टी अर्शदीप की जगह कुलदीप को खिलाने जा रहा है.
सबसे बड़ा सवाल
अब जबकि बिग बैटल का फैसला पूरी तरह से भले ही ‘स्पिन के अखाड़े’ पर होने जा रहा है, तो यहां भारत के लिए सवाल उसके स्टार पेसर जसप्रीत बुमराह को लेकर भी है कि वह लेफ्टी आफरीदी के मुकाबले कितना असर पैदा करेंगे. इस बुमराह में न दो साल पहले जैसा डंक दिख रहा है और नहीं वैसी धार. यूएसए के खिलाफ बाहर रहे बुमराह नामीबिया के खिलाफ 1 ही विकेट ले सके. यहां उनके चार ओवरों में पंडितों की नजरें हैं. क्या वह असर छोड़ पाएंगे? सवाल और जिज्ञासा पिछले मैच में न खेल सके अभिषेक शर्मा को लेकर कोलंबो की धीमी पिच पर एप्रोच को लेकर भी रहेगा कि वह किस शैली में रन बटोरने का रास्ता निकालते हैं?
दोनों देशों की संभावित XI:
भारत: 1. ईशान किशन (विकेटकीपर)2. अभिषेक शर्मा 3. तिलक वर्मा 4. सूर्यकुमार यादव (कप्तान) 5.हार्दिक पंड्या 6. शिवम दुबे 7. रिंकू सिंह 8.अक्षर पटेल 9. कुलदीप यादव 10. वरुण चक्रवर्ती 11. जसप्रीत बुमराह
पाकिस्तान: 1. साहिबज़ादा फ़रहान (विकेटकीपर) 2. सैम अय्यूब 3. सलमान आगा (कप्तान) 4. बाबर आज़म 5.शादाब खान 6. उस्मान खान (विकेटकीपर) / फ़ख़र ज़मान 7. मोहम्मद नवाज़ 8. फहीम अशरफ़ 9. शाहीन शाह अफरीदी 10. उस्मान तारिक 11. अबरार अहमद