India vs Pakistan: काश पाकिस्तान का फैसला मेरे पास होता…सूर्यकुमार यादव ने ऐसा क्यों कहा?

Suryakumar Yadav: सूर्यकुमार यादव ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के आगाज से पहले मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि उनकी टीम पाकिस्तान के खिलाफ मैच खेलने कोलंबो जाएगी. उन्होंने इस मैच पर चल रही अटकलों पर बड़ी दिलचस्प बात कही. सूर्यकुमार यादव ने कहा कि मैच नहीं खेलने का फैसला पाकिस्तान ने किया है. सूर्या ने कहा कि पाकिस्तान के फैसले हमारे हाथ में नहीं है. हमें मैच खेलने के लिए कहा गया है और हम खेलेंगे. सूर्यकुमार यादव ने कहा, ‘पाकिस्तान के फैसले मेरे कंट्रोल में नहीं हैं, काश मेरे पास होते. हमें खेलने के लिए कहा गया है, मैच है.’

‘पाकिस्तान से खेलने जरूर जाएंगे’

सूर्यकुमार यादव ने आगे कहा कि भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ अच्छा खेल दिखाया है और ऐसी ही कोशिश आगे भी रहेगी. सूर्यकुमार यादव ने कहा, ‘हम पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप में तीन बार खेले और तीनों ही मैचों में हमने अच्छा खेल दिखाया. अगर हमें दोबारा मैच खेलने का मौका मिला तो हम खेलेंगे और अच्छा करने की कोशिश करेंगे. अगर मैच तैयार है तो हम पाकिस्तान के खिलाफ खेलने जरूर जाएंगे.’

पाकिस्तान के पीएम ने भारत के खिलाफ खेलने से इनकार किया

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भारत के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप मैच के बहिष्कार को सही बताया है. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान बांग्लादेश के साथ खड़ा है. शहबाज शरीफ ने कहा, ‘हमने टी20 वर्ल्ड कप को लेकर बहुत साफ रुख अपनाया है कि हम भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलेंगे क्योंकि खेल के मैदान पर राजनीति नहीं होनी चाहिए. हमें बांग्लादेश के साथ पूरी तरह से खड़ा रहना चाहिए, और मुझे लगता है कि ये एक बहुत ही सही फैसला है. हम बांग्लादेश के साथ हैं.’