India vs Australia: टीम इंडिया से बाहर ये तेज गेंदबाज, इस खिलाड़ी को अचानक मिला मौका

Renuka Singh: टीम इंडिया की तेज गेंदबाज रेणुका सिंह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाले इकलौते टेस्ट मैच में नहीं खेल पाएंगी. दाएं हाथ की ये पेसर पूरी तरह फिट नहीं है जिसके चलते बीसीसीआई की मेडिकल टीम ने उन्हें आराम करने और वर्कलोड मैनेजमेंट करने की सलाह दी है. रेणुका को चोट लगी है या नहीं इसकी कोई जानकारी सामने नहीं आई है. रेणुका सिंह की जगह तेज गेंदबाज काश्वी गौतम को टीम में शामिल किया गया है. इस खिलाड़ी को पहली बार टेस्ट टीम में जगह मिली है. बता दें भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच ये टेस्ट मैच पिंक बॉल से खेला जाएगा. मुकाबला 6 मार्च से शुरू होगा.

काश्वी गौतम पर नजर

काश्वी गौतम भारत की वनडे टीम में शामिल थीं और अब रेणुका के अनफिट होने के चलते उन्हें टेस्ट टीम में मौका मिला है. बीसीसीआई ने जानकारी दी है कि अब उसकी मेडिकल टीम रेणुका की फिटनेस पर खास नजर रखेगी. पिछले कुछ सालों में रेणुका को तेज गेंदबाजों में होने वाली कई आम चोटों का सामना करना पड़ा है, जिनमें पीठ में खिंचाव भी शामिल है. रेणुका गेंद को दोनों ओर स्विंग कराने के लिए जानी जाती हैं और उनका ये कौशल ऑस्ट्रेलिया में टीम इंडिया के काम आता लेकिन खराब फिटनेस ने टीम को और उन्हें झटका दे दिया. अब काश्वी गौतम को रेणुका की कमी पूरी करनी होगी. बता दें गौतम ने भारत के लिए 6 वनडे मैच खेले हैं, जिनमें उन्होंने 3 विकेट लिए हैं. वीमेंस प्रीमियर लीग में उनके नाम 19 विकेट हैं. अब देखना ये है कि टेस्ट क्रिकेट में वो कैसा प्रदर्शन करती हैं.

भारत महिला टेस्ट टीम

स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जेमिमाह रॉड्रिग्स, प्रतिका रावल, हरमनप्रीत कौर, अमनजोत कौर, हरलीन देओल, दीप्ति शर्मा, स्नेह राणा, वैष्णवी शर्मा, सयाली सतघरे, ऋचा घोष, उमा छेत्री, क्रांति गौड़ और काश्वी गौतम