भारत ने अफगानिस्तान के खिलाफ पहले टी-20 इंटरनेशनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए मुकाबला 7 विकेट से अपने नाम कर लिया। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस मैच में भारतीय बल्लेबाजों और गेंदबाजों ने कई शानदार उपलब्धियां हासिल कीं।
अभिषेक शर्मा ने तूफानी अर्धशतक जड़ा, जबकि जसप्रीत बुमराह ने टी-20 क्रिकेट में 350 विकेट पूरे किए। मुकाबले के दौरान कई ऐसे पल भी आए, जो रिकॉर्ड बुक में दर्ज हो गए।
1. क्रिकेट मैच में पहली बार हुआ वंदे मातरम का गायन
मुकाबले की शुरुआत एक खास पल के साथ हुई। अरुण जेटली स्टेडियम में पहले वंदे मातरम और फिर राष्ट्रगान जन गण मन प्रस्तुत किया गया। भारतीय क्रिकेट में इस तरह दोनों गीतों को क्रम से प्रस्तुत किए जाने का यह पहला मौका बताया गया।
गृह मंत्रालय के दिशानिर्देशों के मुताबिक, अगर दोनों प्रस्तुत किए जाएं तो पहले वंदे मातरम और उसके बाद राष्ट्रगान होना चाहिए।
2. श्रेयस अय्यर ने इब्राहिम जादरान को दी टीम इंडिया की जर्सी
टॉस के दौरान भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने अफगानिस्तान के कप्तान इब्राहिम जादरान को टीम इंडिया की जर्सी भेंट की। इसी दौरान सीरीज की ट्रॉफी और टॉस का सिक्का भी नजर आया।
तीन मैचों की इस टी-20 सीरीज की एक खास बात यह है कि मुकाबले भारत में होने के बावजूद अफगानिस्तान टीम को होस्ट टीम के तौर पर दिखाया गया।
3. जसप्रीत बुमराह ने पूरे किए 350 टी-20 विकेट
भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने मुकाबले में बड़ी उपलब्धि हासिल की। उन्होंने पारी के पहले ही ओवर में रहमानुल्लाह गुरबाज को आउट करते हुए टी-20 क्रिकेट में अपने 350 विकेट पूरे कर लिए।
बुमराह इस आंकड़े तक पहुंचने वाले तीसरे भारतीय गेंदबाज बन गए हैं। उनसे पहले युजवेंद्र चहल और भुवनेश्वर कुमार यह मुकाम हासिल कर चुके हैं।
4. अजमतुल्लाह उमरजई की शानदार पारी
अफगानिस्तान के अजमतुल्लाह उमरजई ने भारतीय गेंदबाजों का सामना करते हुए 64 रन की पारी खेली। यह भारत के खिलाफ टी-20 इंटरनेशनल में किसी अफगान बल्लेबाज का संयुक्त रूप से सबसे बड़ा स्कोर है।
इससे पहले इब्राहिम जादरान ने 2022 में भारत के खिलाफ 64 रन बनाए थे।
5. अभिषेक शर्मा ने 22 गेंद में ठोकी फिफ्टी
भारत की जीत में अभिषेक शर्मा ने सबसे अहम भूमिका निभाई। उन्होंने महज 22 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और अपनी पारी में 32 गेंदों पर 82 रन बनाए।
यह टी-20 इंटरनेशनल में उनका 14वां 50+ स्कोर रहा। खास बात यह है कि इनमें 12 बार उन्होंने 25 या उससे कम गेंदों में 50 का आंकड़ा पार किया है। इस मामले में वह सबसे आगे हैं, जबकि सूर्यकुमार यादव ने 9 बार ऐसा किया है।
6. राशिद खान ने पकड़ा अभिषेक का शानदार कैच
अभिषेक शर्मा की विस्फोटक पारी का अंत मोहम्मद नबी की गेंद पर हुआ। 10.6 ओवर में लॉन्ग ऑन की दिशा में शॉट खेलने के बाद अभिषेक का कैच राशिद खान ने दौड़ते हुए शानदार अंदाज में पकड़ा।
इस कैच के साथ अभिषेक की 82 रन की बेहतरीन पारी समाप्त हुई।
7. भारत ने 38 गेंद शेष रहते हासिल किया लक्ष्य
भारतीय टीम ने लक्ष्य का पीछा करते हुए 38 गेंद बाकी रहते 7 विकेट से जीत दर्ज की। फुल मेंबर बनने के बाद अफगानिस्तान के खिलाफ गेंद शेष रहने के मामले में यह भारत की दूसरी बड़ी जीत है।
इससे पहले भारत ने 2024 में इंदौर में अफगानिस्तान को 26 गेंद बाकी रहते हराया था।
8. भारत के खिलाफ अफगानिस्तान की लगातार 9वीं हार
टी-20 इंटरनेशनल में अफगानिस्तान का भारत के खिलाफ खराब रिकॉर्ड इस मैच के बाद और बढ़ गया। यह अफगान टीम की भारत के खिलाफ लगातार 9वीं हार है।
इसके साथ ही अफगानिस्तान ने लगातार हार के मामले में बांग्लादेश की बराबरी कर ली है। बांग्लादेश भी भारत के खिलाफ लगातार 9 टी-20 मुकाबले गंवा चुका है। वहीं जिम्बाब्वे और आयरलैंड 8-8 लगातार हार के साथ इसके बाद आते हैं।