नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट के दो पूर्व दिग्गज खिलाड़ियों के बेटे अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने की तैयारी में हैं। वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग और राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय द्रविड़ को आगामी अंडर-19 एशिया कप के लिए भारतीय टीम में चुना गया है।
टूर्नामेंट 4 से 14 नवंबर तक ओमान की राजधानी मस्कट में खेला जाएगा।
भारतीय टीम की कप्तानी लक्षय रायचंदानी को सौंपी गई है, जबकि यशवर्धन चौहान उपकप्तान होंगे। टीम में आर्यवीर और अन्वय के अलावा कई ऐसे खिलाड़ी शामिल हैं, जिन्होंने हाल के मुकाबलों में अच्छा प्रदर्शन किया है। भारत इस टूर्नामेंट में मजबूत तैयारी के साथ उतर रहा है।
ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका के खिलाफ शानदार प्रदर्शन
भारतीय अंडर-19 टीम हाल के मुकाबलों में बेहतरीन लय में रही है। सितंबर-अक्टूबर में टीम ने ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के खिलाफ चार दिवसीय सीरीज 2-0 से और वनडे सीरीज 3-0 से अपने नाम की थी। इससे पहले भारतीय टीम ने श्रीलंका दौरे पर दो चार दिवसीय मैचों की सीरीज 1-0 से जीती थी। हालांकि, वनडे सीरीज में उसे 1-2 से हार का सामना करना पड़ा था।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चार दिवसीय सीरीज में कप्तान लक्षय रायचंदानी का बल्ला जमकर चला। उन्होंने तीन पारियों में 250 रन बनाए। पहले मुकाबले में उनकी 240 रन की पारी सबसे खास रही। वहीं, वनडे सीरीज में उपकप्तान यशवर्धन चौहान भारत के सबसे सफल बल्लेबाज रहे। उन्होंने दो पारियों में 176 रन बनाए, जिसमें दूसरे मैच में लगाया गया शतक भी शामिल है।
आर्यवीर और अन्वय ने भी दिखाया दम
वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग शीर्ष क्रम के बल्लेबाज हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में लगातार उपयोगी पारियां खेलीं। उनके बल्ले से तीन मैचों में 28, 47 और 34 रन निकले। वह बड़ी पारी खेलने में भले ही सफल नहीं हुए, लेकिन टीम को अच्छी शुरुआत देने में योगदान दिया।
दूसरी ओर, राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय द्रविड़ विकेटकीपर-बल्लेबाज हैं और टीम के पहली पसंद के विकेटकीपर माने जा रहे हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए दो वनडे मैचों में 38 और 9 रन बनाए। इससे पहले श्रीलंका दौरे के वनडे चरण के आखिरी मुकाबले में उन्होंने 67 गेंदों पर 87 रन की शानदार पारी खेली थी। अब एशिया कप में दोनों युवा खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर सबकी नजरें रहेंगी।
अन्य खिलाड़ियों ने भी प्रभावित किया
भारतीय टीम के कुछ अन्य खिलाड़ियों ने भी हालिया सीरीज में अपनी प्रतिभा दिखाई है। शीर्ष क्रम के बल्लेबाज कुशाग्र ओझा और मनाल चौहान ने अच्छा प्रदर्शन किया है। वहीं, दाएं हाथ के मीडियम पेसर मोहित उल्वा ने भी गेंद और बल्ले दोनों से प्रभावित किया है।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले चार दिवसीय मैच में मोहित ने दसवें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए महज 84 गेंदों में 92 रन ठोक दिए थे। निचले क्रम में उनकी यह पारी टीम के लिए काफी उपयोगी रही। ऐसे में एशिया कप में उनसे गेंदबाजी के साथ बल्लेबाजी में भी योगदान की उम्मीद होगी।
पाकिस्तान और नेपाल से ग्रुप मुकाबला
अंडर-19 एशिया कप में आठ टीमों को दो ग्रुप में बांटा गया है। भारत ग्रुप-ए में पाकिस्तान, नेपाल और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के साथ है। वहीं, ग्रुप-बी में अफगानिस्तान, बांग्लादेश, मलेशिया और श्रीलंका को रखा गया है।
दोनों ग्रुप की शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी। भारत के लिए ग्रुप चरण में पाकिस्तान और नेपाल जैसी टीमों के खिलाफ मुकाबले अहम होंगे। हालिया प्रदर्शन को देखते हुए भारतीय टीम खिताब की मजबूत दावेदार मानी जा रही है।
अंडर-19 एशिया कप के लिए भारतीय टीम
लक्षय रायचंदानी (कप्तान), आर्यवीर सहवाग, वीके विनीत, यशवर्धन चौहान (उपकप्तान), कुशाग्र ओझा, अर्जुन राजपूत, मनाल चौहान, अन्वय द्रविड़ (विकेटकीपर), रजत बघेल (विकेटकीपर), वी. यशवीर, आर्यन सावसानी, मोहित उल्वा, काव्या पटेल, शाविन विनोद और ईशान सूद।