IND W vs ZIM W: जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज में टीम इंडिया को क्या मिलेगा? शेफाली वर्मा ने बताया प्लान

भारतीय महिला क्रिकेट में 16 अक्टूबर से नए अध्याय का आगाज हो रहा है. स्मृति मंधाना बतौर फुल टाइम कप्तान मैदान पर उतरने वाली हैं और उनकी अगुवाई में टीम इंडिया जिम्बाब्वे के खिलाफ एकतरफा अंदाज में जीत हासिल कर महिला चैंपियंस ट्रॉफी से पहले खुद को तैयार करना चाहती है.

शेफाली वर्मा ने बताया कि टीम खुलकर बेखौफ क्रिकेट खेलना चाहती है. टीम की बैठक हुई है जिसमें हर सीरीज के साथ टीम बेहतर होना चाहती है.

शेफाली वर्मा ने कही बड़ी बात

शेफाली वर्मा ने कहा, ‘हमने इस बारे में बात की है कि इस सीरीज में हमें चैंपियंस ट्रॉफी तक निडरता और सूझबूझ से क्रिकेट खेलना होगा. हमने कई बैठकें की हैं इसलिए सभी को पता है कि क्या करना है. हम बस हर सीरीज के साथ बेहतर होने की कोशिश कर रहे हैं.’ शेफाली ने हरमनप्रीत कौर की कप्तानी पर कहा कि टीम इंडिया का उनकी कप्तानी में काफी विकास हुआ.

अपने खेल पर की मेहनत: शेफाली

शेफाली ने कहा कि वर्ल्ड कप के दौरान टीम में वापसी से पहले उन्होंने काफी मेहनत की. शेफाली ने कहा, ‘ टीम से बाहर रहने के दौरान मैंने खुद का विश्लेषण किया. मुझे निरंतरता, फिटनेस और मानसिक विकास पर काम करने की जरूरत थी. मैंने इन चीजों पर कड़ी मेहनत की और अब सब कुछ सही दिशा में जा रहा है.’ शेफाली ने आगे कहा, ‘ 2025 में मैंने शॉर्ट बॉल खेलने से लेकर स्पिनरों के खिलाफ बैक-फुट पंच और पुल शॉट तक सभी पर काम किया और अब मुझे इसका अच्छा नतीजा दिख रहा है.’

गेंदबाजी नई बात नहीं: शेफाली

शेफाली ने बताया कि वो 2021 से हरियाणा के लिए गेंदबाजी कर रही हैं, ये उनके लिए नई बात नहीं है. उन्होंने कहा, ‘मैं हमेशा सोचती थी कि अगर मुझे कभी भारत के लिए गेंदबाजी करनी पड़ी, तो मैं इसके लिए खुद को कैसे तैयार करूंगी, और मानसिक रूप से मैं हमेशा इससे आगे रही हूं.’

Leave a Comment