IND W vs PAK W: भारत से मिली हार बर्दाश्त नहीं कर पाईं पाकिस्तानी कप्तान, मैच हारते ही दे डाला बड़ा बयान

दुबई: महिला एशिया कप 2026 में भारतीय महिला टीम ने पाकिस्तान को एकतरफा अंदाज में 7 विकेट से रौंद दिया। दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तानी टीम भारतीय स्पिन आक्रमण के सामने ताश के पत्तों की तरह बिखर गई।

पूरी पाकिस्तान टीम 18.1 ओवरों में महज 55 रनों पर सिमट गई, जो महिला टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में उनका अब तक का सबसे कम स्कोर है।

जवाब में भारत ने 68 गेंदें शेष रहते 8.4 ओवरों में आसानी से लक्ष्य हासिल कर जीत की हैट्रिक लगाई और सेमीफाइनल में अपनी जगह मजबूत की। इस करारी शिकस्त के बाद पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना का बड़ा बयान सामने आया है, जिसमें उन्होंने टीम के बैटिंग कोलैप्स पर गहरी निराशा व्यक्त की।

हार के बाद क्या बोलीं फातिमा सना

मैच के दौरान  की ओर से अकेले लड़ाई लड़ने वाली कप्तान फातिमा सना ने गेंदबाजी में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत के शुरुआती तीनों बल्लेबाजों (शेफाली वर्मा, प्रतिका रावल और स्मृति मंधाना) को पवेलियन भेजा। हालांकि, मैच के बाद अपनी टीम की हार पर दुख जताते हुए फातिमा ने कहा, ‘हमारी बल्लेबाजी पूरी तरह ढह गई और हम पूरी पारी के दौरान संघर्ष ही करते रह गए। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला इसलिए लिया था क्योंकि यह एक नई पिच थी और हम बोर्ड पर एक बड़ा स्कोर खड़ा करना चाहते थे। हम जानते हैं कि हमारी गेंदबाजी इकाई अच्छी है। जहां तक मेरे 3 विकेटों का सवाल है, तो उसका अब कोई मतलब नहीं रह जाता क्योंकि आखिरकार हम मैच हार गए। हमें जीत की सख्त जरूरत थी।’

अगले मुकाबलों में वापसी की उम्मीद जताते हुए पाकिस्तानी कप्तान ने कहा, ‘हम आने वाले मैचों में बेहतर क्रिकेट खेलने की कोशिश करेंगे। हमारी कोशिश होगी कि आखिरी मैच जीतकर हम किसी तरह नॉकआउट (सेमीफाइनल) तक का सफर तय कर सकें।’

55 पर ढेर हुई पाकिस्तान, भारतीय स्पिनरों ने बरपाया कहर

मैच में पाकिस्तान की शुरुआत ठीक-ठाक रही थी। मुनीबा अली (13) और शवाल जुल्फिकार (14) ने 4.3 ओवरों में 27 रन जोड़े थे, लेकिन इसके बाद श्री चरणी और प्रेमा रावत की फिरकी के आगे पाकिस्तान ने घुटने टेक दिए। 27 से 35 रन के स्कोर तक पहुंचते-पहुंचते पाकिस्तान ने 6 विकेट गंवा दिए थे। भारत की ओर से स्पिनरों का दबदबा देखने को मिला। श्री चरणी ने 4 ओवर में 7 रन देकर 3 विकेट झटके, वहीं प्रेमा रावत ने 4 ओवर में 9 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। इसके अलाव दीप्ति शर्मा ने 3.1 ओवर में 5 रन दिए और 2 विकेट उन्हें भी मिले।

Leave a Comment