IND W vs BAN W: बांग्लादेश पर सबसे बड़ी जीत के साथ फाइनल में टीम इंडिया, अब श्रीलंका से गोल्ड मेडल मैच

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एशियन गेम्स 2026 के फाइनल का टिकट कटा लिया है. भारतीय टीम ने फाइनल के टिकट की स्क्रिप्ट बांग्लादेश पर अपनी सबसे बड़ी जीत के साथ लिखी है. बांग्लादेश की हालत सेमीफाइनल में भारतीय टीम ने इतनी खराब कर दी कि उनके लिए उनके टोटल स्कोर से पार पाना छोड़िए, शेफाली वर्मा के बनाए स्कोर से भी आगे निकलना मुश्किल हो गया.

शेफाली वर्मा 100 रन बनाकर नाबाद रहीं. जबकि 196 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए बांग्लादेश की टीम सेमीफाइनल में बस 81 रन ही बना सकी.

भारत के 5 गेंदबाजों ने ऐसे बरपाया कहर

बांग्लादेश पर महिला T20 इंटरनेशनल में अपनी सबसे बड़ी जीत की पटकथा लिखने में भारतीय बल्लेबाजों की तो भूमिका रही ही, उसके बाद टीम इंडिया के गेंदबाजों का योगदान भी कम नहीं रहा. कप्तान हरमनप्रीत कौर ने मैच में 5 गेंदबाज आजमाए और उनमें कोई भी ऐसा नहीं रहा, जिसने विकेट नहीं लिए. दीप्ति शर्मा और नंदिनी शर्मा ने 3-3 विकेट लिए. श्री चरणी को 2 विकेट मिला, जबकि क्रांति गौड़ और श्रेयांका पाटिल ने 1-1 विकेट हासिल किया.

भारतीय गेंदबाजों के कहर का असर ये हुआ कि बांग्लादेश की टीम की 8 बल्लेबाज दहाई के आंकड़े को नहीं छू सकीं. वहीं टीम की तरफ से सबसे बड़ा स्कोर 27 रन का हुआ, जो कि उसके ओपनर दिलारा अक्तर ने बनाए.

इससे पहले भारत ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 195 रन बनाए थे, जिसमें शेफाली वर्मा के 49 गेंदों पर बनाए नाबाद 100 रन की बड़ी भूमिका रही थी.

बांग्लादेश के खिलाफ भारत की सबसे बड़ी जीत

भारत ने एशियन गेम्स के दूसरे सेमीफाइनल में बांग्लादेश की महिला क्रिकेट टीम को 114 रन से हराया. ये महिला T20I में भारत की बांग्लादेश पर सबसे बड़ी जीत है. ये ओवरऑल रनों के लिहाज से किसी टीम के खिलाफ भारत की तीसरी बड़ी जीत है.

बांग्लादेश पर लगातार 10वीं जीत

ये भारतीय महिला क्रिकेट टीम की बांग्लादेश के खिलाफ महिला T20I में लगातार 10वीं जीत भी है. बांग्लादेश पर भारत की जीत का ये सिलसिला सितंबर 2023 से लगातार जारी है. किसी एक देश के खिलाफ भारत ने लगातार सबसे ज्यादा जीत WT20I में श्रीलंका के खिलाफ फरवरी 2016 से जून 2022 के बीच जीते हैं.

भारत-श्रीलंका गोल्ड मेडल के लिए भिड़ेंगे

बांग्लादेश को हराकर भारतीय महिल क्रिकेट टीम ने एशियन गेम्स के फाइनल में जगह बना ली है, जहां उसका सामना श्रीलंका से होगा. श्रीलंका ने पाकिस्तान को हराकर फाइनल का टिकट कटाया है. भारत-श्रीलंका एशियन गेम्स 2026 के फाइनल में 22 सितंबर को भिड़ेंगे. ये गोल्ड मेडल मैच होगा.

Leave a Comment