IND W vs AUS W: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पिंक बॉल टेस्ट आज से, कप्तान हरमनप्रीत कौर और स्मृति मंधाना पर रहेंगी नजरें

र्थ, पीटीआई। वनडे सीरीज में करारी हार के बाद भारतीय महिला टीम पिछले लगभग पांच साल में पहली बार जब ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध शुक्रवार से शुरू होने वाले एकमात्र डे-नाइट टेस्ट क्रिकेट मैच में उतरेगी तो जीत हासिल करने के लिए उसकी सीनियर खिलाड़ियों को अच्छा प्रदर्शन करना होगा।

इस मैच के साथ ही आस्ट्रेलिया के विरुद्ध बहु प्रारूप वाली सीरीज का भी समापन होगा जिसमें भारत ने टी-20 सीरीज 2-1 से, जबकि आस्ट्रेलिया ने वनडे सीरीज 3-0 से जीती थी। पिछले पांच टेस्ट मैचों में अजेय रहने के बाद भारत का आत्मविश्वास चरम पर होगा। हरमनप्रीत कौर की अगुआई वाली टीम ने दिसंबर 2023 से जुलाई 2024 के बीच लगातार तीन टेस्ट मैच जीते, जिनमें इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका को घरेलू मैदान पर हराना शामिल है।

भारत ने इससे पहले विदेश में खेले गए पिछले दो टेस्ट मैच 2021 में इंग्लैंड और आस्ट्रेलिया के विरुद्ध ड्रॉ कराए थे। ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध उसने उस साल सितंबर अक्टूबर में दिन रात्रि टेस्ट मैच खेला था जिसमें स्मृति मंधाना ने शतक जमाया था। इस बहु प्रारूप वाली सीरीज में आस्ट्रेलिया अभी 8-4 से आगे है।

टी-20 सीरीज में हार के बाद ऑस्ट्रेलिया की टीम 2-4 से पिछड़ रही थी, लेकिन इसके बाद उसने शानदार वापसी करके तीनों वनडे मैच जीत लिए। जहां टी-20 और वनडे दोनों मैचों में जीत हासिल करने पर दो-दो अंक दांव पर थे। वहीं टेस्ट मैच के विजेता को चार अंक मिलेंगे। भारत अगर जीत हासिल करता है तो वह कम से कम इस सीरीज को ड्रॉ करा सकता है।

Leave a Comment