भारत में खेले जा रहे टी20 क्रिकेट वर्ल्ड कप 2026 के चैंपियन के फैसले का वक्त आ गया है. रविवार 8 मार्च को होने वाले फाइनल के साथ चैंपियन टीम से पर्दा उठ जाएगा. हर किसी की नजरें इस फाइनल पर लगी हैं. मगर इस वर्ल्ड कप से अलग ऑस्ट्रेलिया में भी एक जोरदार सीरीज खेली जा रही है, जिसमें ऑस्ट्रेलिया और भारत की महिला टीमें टकरा रही हैं. टी20 और वनडे सीरीज के बाद दोनों के बीच टेस्ट मैच खेला जा रहा है, जिसमें मेजबान टीम ने दबदबा बना लिया है. इसमें बड़ी भूमिका निभाई है टीम की स्टार ऑलराउंडर एनाबेल सदरलैंड ने, जिन्होंने मैच के दूसरे दिन शतक जमाकर इतिहास रच दिया.
पर्थ में 6 मार्च से भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच एकमात्र टेस्ट मैच शुरू हुआ. मैच के पहले ही दिन ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों ने टीम इंडिया को पहली पारी में पस्त करते हुए सिर्फ 198 रन पर ढेर कर दिया था. इसके बाद जब ऑस्ट्रेलियाई टीम बैटिंग के लिए उतरी तो उसने भी सिर्फ 58 रन तक 3 विकेट गंवा दिए थे. ऐसे वक्त में एलिस पैरी और सदरलैंड ने मिलकर पारी को संभाला. दोनों ने दूसरे दिन भी इस साझेदारी को आगे बढ़ाया और 128 रन की साझेदारी की.
सदरलैंड ने लगाई शतकों की हैट्रिक
दूसरे दिन टीम इंडिया ने पैरी को तो शतक से रोक दिया लेकिन इस फॉर्मेट में लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहीं सदरलैंड को रोकना उनके लिए असंभव साबित हुआ. दाएं हाथ की इस बल्लेबाज ने आखिरकार अपना शतक पूरा किया और इतिहास रच दिया. सदरलैंड का टेस्ट क्रिकेट में ये लगातार तीसरा और कुल चौथा शतक था. वो महिला टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में लगातार 3 पारियों में शतक लगाने वाली पहली बल्लेबाज बन गईं.
(खबर अपडेट हो रही है)