IND vs ZIM: वो वीडियो जिसने खिलाड़ियों में भर दिया जोश… सूर्यकुमार यादव ने खोला बड़ा राज

T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया जीत की पटरी पर लौट आई है. सुपर 8 राउंड में भारत ने जिम्बाब्वे पर 72 रनों की दमदार जीत दर्ज की, जिससे सेमीफाइनल की उम्मीदें फिर से जिंदा हो गईं. चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव ने जीत के पीछे की खास वजह बताई. उन्होंने खुलासा किया कि इस मुकाबले से पहले टीम के वीडियो एनालिस्ट ने एक स्पेशल स्लाइड तैयार की थी, जिसने हर एक खिलाड़ी में जोश भर दिया.

सूर्यकुमार यादव ने खोला बड़ा राज

सूर्यकुमार ने मैच के बाद कहा कि टीम ने पिछले हारों को पीछे छोड़ दिया था. उन्होंने बताया, ‘हमने लीग स्टेज या अहमदाबाद में पिछले मैच के बारे में ज्यादा नहीं सोचा. हमारा वीडियो एनालिस्ट ने बल्लेबाजों और गेंदबाजों के लिए एक स्लाइड बनाई थी, जिसमें पिछले साल हमने क्या अच्छा किया, वह दिखाया गया. हमने उस स्लाइड को देखा, उससे बहुत पॉजिटिविटी और क्लैरिटी मिली, और इसी मानसिकता के साथ हम यहां आए.’

इस वीडियो ने टीम में नए सिरे से विश्वास जगाया. बल्लेबाजी में टॉप ऑर्डर से लेकर नंबर 7 तक सभी ने योगदान दिया. अभिषेक शर्मा ने 55 रन बनाए, जबकि हार्दिक पंड्या ने नाबाद 50 रन की पारी खेली, जिससे भारत ने 256 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया. सूर्यकुमार ने कहा कि प्रदर्शन में लगभग कुछ भी कमी नहीं थी, लेकिन गेंदबाजी में थोड़ा और क्लीनिकल होना चाहिए था. उन्होंने जिम्बाब्वे के बल्लेबाजों की तारीफ की, खासकर ब्रायन बेनेट की नाबाद 97 रनों की पारी को सराहा, जो टी20 वर्ल्ड कप में जिम्बाब्वे का बेस्ट स्कोर भी है.

गेंदबाजी में और बेहतर करने की उम्मीद

गेंदबाजी पर बात करते हुए कप्तान ने माना कि कुछ अहम मोमेंट्स में स्मार्ट विकल्प चुनने की जरूरत थी. उन्होंने कहा, ‘हम कुछ जगहों पर और बेहतर फैसले ले सकते थे. ऐसे मौकों पर साहसिक फैसले लेने होंगे. अब हम कोलकाता पहुंचकर वेस्टइंडीज के खिलाफ मैच की अच्छी प्लानिंग करेंगे. फिलहाल थोड़ा आराम करेंगे, ट्रैवल करेंगे और रिलैक्स करेंगे.’

T20 वर्ल्ड कप 2026 से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए यहां क्लिक करें