IND vs WI: इतिहास की जंजीर तोड़ेगा भारत तो सेमीफाइनल तय, 10 साल का बदला लेने का मौका

ईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 चरण का आखिरी दिन बेहद निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है. सेमीफाइनल की अंतिम टीम का फैसला अब भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले मुकाबले से होगा. रविवार, 1 मार्च को होने वाला यह मैच दोनों टीमों के लिए करो या मरो जैसा है, क्योंकि जो भी टीम जीत हासिल करेगी, वही अंतिम चार में जगह बनाएगी.

कोलकाता में खेला जाएगा मुकाबला

यह अहम मुकाबला ईडन गार्डन्स, कोलकाता में खेला जाएगा. इस मैच के साथ ही भारत के पास 10 साल पुराना हिसाब चुकता करने का मौका भी होगा. दोनों टीमों के बीच आखिरी बार टी20 वर्ल्ड कप में टक्कर 2016 में हुई थी, जब वेस्टइंडीज ने सेमीफाइनल में भारत को हराकर फाइनल का टिकट हासिल किया था और बाद में खिताब भी अपने नाम किया था. उस हार की यादें अब भी भारतीय टीम के लिए एक बड़ा प्रेरणास्रोत हैं.

अगर टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास पर नजर डालें, तो रिकॉर्ड भारत के पक्ष में नहीं रहा है. दोनों टीमों के बीच अब तक चार मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें से भारत को केवल एक में जीत मिली है, जबकि वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम ने तीन बार जीत दर्ज की है. कैरेबियाई टीम ने 2009, 2010 और 2016 में भारत को हराया, जबकि भारत को 2014 में सफलता मिली थी. ऐसे में यह मुकाबला भारतीय टीम के लिए आसान नहीं माना जा रहा, खासकर तब जब वेस्टइंडीज की टीम इस समय अच्छी फॉर्म में नजर आ रही है.

भारत के आंकड़े मजबूत

हालांकि, ओवरऑल टी20 इंटरनेशनल आंकड़े भारत के पक्ष में मजबूत दिखते हैं. दोनों टीमों के बीच कुल 30 मैच हुए हैं, जिनमें भारत ने 19 मुकाबले जीते हैं, जबकि वेस्टइंडीज को 10 मैचों में जीत मिली है और एक मैच का कोई नतीजा नहीं निकला. खास तौर पर ईडन गार्डन्स में भारत का प्रदर्शन शानदार रहा है, जहां उसने वेस्टइंडीज के खिलाफ खेले गए सभी चार मुकाबले जीते हैं.

फिर भी, वेस्टइंडीज ने इसी मैदान पर टी20 वर्ल्ड कप के अन्य मैचों में जीत दर्ज कर अपनी ताकत साबित की है. ऐसे में यह मुकाबला बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है. अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या भारत इतिहास बदलकर सेमीफाइनल में पहुंचेगा या वेस्टइंडीज एक बार फिर उसका सपना तोड़ देगा.

Leave a Comment