IND vs WI T20I Series: भारत और वेस्टइंडीज के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का रोमांच 6 अक्टूबर से लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में शुरू होने जा रहा है. कागजों और आंकड़ों पर नजर डालें तो भारतीय टीम का पलड़ा हमेशा से भारी दिखता है, लेकिन जब बात पिछली टी20 सीरीज की आती है, तो कैरेबियाई टीम ने भारत को ऐसा गहरा जख्म दिया था जिसे भुलाया नहीं जा सकता.
अब 3 साल के लंबे इंतजार के बाद भारतीय टीम के पास घरेलू मैदान पर उस हार का हिसाब बराबर करने का सुनहरा मौका है.
वेस्टइंडीज ने टीम इंडिया को किया था हैरान
दोनों टीमों के बीच आखिरी टी20 सीरीज साल 2023 में खेली गई थी, जहां कैरेबियाई टीम ने भारतीय खेमे को सन्न कर दिया था. उस सीरीज में वेस्टइंडीज ने सीरीज के शुरुआती दो मैच जीतकर भारत को बैकफुट पर धकेल दिया था और 2-0 की बढ़त बना ली थी. इसके बाद भारतीय टीम ने जबर्दस्त पलटवार करते हुए लगातार दो मैच जीते और सीरीज को 2-2 की बराबरी पर लाकर खड़ा किया. हालांकि, 5वें मुकाबले में वेस्टइंडीज ने एकतरफा खेल दिखाते हुए भारत को 8 विकेट से करारी शिकस्त दी और 3-2 से सीरीज की ट्रॉफी अपने नाम कर ली.
उस कड़वी हार की टीस आज भी भारतीय फैंस के जेहन में है, जिसके चलते इस बार टीम इंडिया को पूरी तरह सतर्क रहना होगा. वेस्टइंडीज की टीम कभी भी बड़ा उलटफेर कर सकती है. भले ही वेस्टइंडीज ने हाल ही में भारत के खिलाफ वनडे सीरीज गंवाई है, लेकिन सीरीज के आखिरी मैच में उन्होंने 352 रन चेज करके हर किसी को हैरान कर दिया था.
31 मैचों में 20 बार लहराया है तिरंगा
क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में भारत और वेस्टइंडीज का इतिहास काफी रोमांचक रहा है. टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट की शुरुआत वैसे तो 2006 में हो गई थी, लेकिन भारत और वेस्टइंडीज के बीच पहली भिड़ंत साल 2009 में हुई थी. अब तक दोनों टीमों के बीच कुल 31 टी20 मैच खेले जा चुके हैं. इनमें से 20 मुकाबलों में भारत ने बाजी मारी है, वहीं 10 मैच वेस्टइंडीज के खाते में गए हैं और 1 मुकाबला बेनतीजा रहा है. दोनों टीमों की पिछली भिड़ंत टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बड़े मंच पर हुई थी, जहां भारत ने 5 विकेट से शानदार जीत दर्ज की थी.
भारतीय सरजमीं पर टीम इंडिया का अभेद्य किला
घरेलू मैदानों पर भारतीय टीम का रिकॉर्ड कैरेबियाई चुनौती के सामने काफी मजबूत रहा है. भारतीय जमीन पर दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 11 टी20 मैच खेले गए हैं. इन 11 मुकाबलों में से भारत ने 9 मैचों में शानदार जीत हासिल की है, वहीं वेस्टइंडीज की टीम सिर्फ 2 बार ही भारतीय पिचों पर जीत का स्वाद चख सकी है. लखनऊ के इकाना स्टेडियम की पिच पर स्पिन और धीमी गति के गेंदबाजों की अहम भूमिका रहने की संभावना है, जहां भारत अपने घरेलू दबदबे को कायम रखते हुए सीरीज की विजयी शुरुआत करना चाहेगा.