टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत को चैंपियन बनाने वाले संजू सैमसन एक बार सवालों के घेरे में हैं. दाएं हाथ का ये विकेटकीपर-बल्लेबाज खिलाड़ी तो कमाल है लेकिन टी20 वर्ल्ड कप के बाद से उनके बल्ले से 11 मैचों में सिर्फ 2 फिफ्टी प्लस पारियां निकली हैं.
मतलब संजू सैमसन 9 पारियों में फेल हो गए हैं. संजू सैमसन की फॉर्म अच्छी नहीं है और बेंच पर एक ऐसा बल्लेबाज बैठा हुआ है जिसकी बैटिंग कमाल है. बात हो रही है वैभव सूर्यवंशी की जो संजू और अभिषेक शर्मा के ओपनिंग करने की वजह से प्लेइंग इलेवन में नहीं आ पा रहे हैं. इस बीच पूर्व क्रिकेटर हनुमा विहारी ने एक दिलचस्प बयान दिया है. उनका कहना है कि शायद संजू सैमसन पर वैभव सूर्यवंशी की मौजूदगी का दबाव है. आइए आपको बताते हैं हनुमा ने ऐसा क्यों कहा?
क्या संजू पर वैभव सूर्यवंशी का दबाव है?
हनुमा विहारी ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, ‘सबसे बड़ा सवाल के फॉर्म को लेकर है. वो और कितनी असफलताएं झेल सकते हैं? मैं संजू सैमसन का बहुत बड़ा फैन हूं. मैं चाहता हूं कि सैमसन खेलें, वो टी20 वर्ल्ड कप में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रहे थे. उन्होंने एशियाई खेलों में रन नहीं बनाए, लेकिन अफगानिस्तान के खिलाफ रन बनाए. इस सीरीज के पहले मैच में वो फ्लॉप रहे. वर्ल्ड कप से पहले, जब ईशान किशन भारतीय टीम में लौटे, तो सैमसन असुरक्षित महसूस करने लगे. उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा था कि जब प्रतिस्पर्धा होती है, तो वो अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाते. इसीलिए न्यूजीलैंड सीरीज के दौरान, जब ईशान वापस आए, तो संजू ने अच्छा प्रदर्शन नहीं किया और अब वैभव सूर्यवंशी सैमसन के पीछे हैं. उन पर दबाव जरूर होगा, खासकर इसलिए क्योंकि भारतीय टीम में जगह के लिए कांटे की टक्कर है.’
श्रीकांत ने भी सैमसन को घेरा
संजू सैमसन पर पूर्व क्रिकेट के. श्रीकांत ने भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि संजू सैमसन का मामला गंभीर है. उनकी जगह सवालों के घेरे में है. श्रीकांत ने कहा, ‘संजू सैमसन का मामला एक बार फिर भारतीय टीम के लिए गंभीर मुद्दा बनता जा रहा है. हम सपाट पिचों पर जीत रहे हैं, इस पर कोई सवाल नहीं उठाएगा, लेकिन जब हम न्यूजीलैंड में फिर से हारने लगेंगे, तो उनकी जगह एक बार फिर सवालों के घेरे में आ जाएगी. हम जानते हैं कि उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप में तीन शानदार पारियां खेलीं, लेकिन उसके बाद क्या? वो फिर दोबारा लगातार फेल हो रहे हैं. टी20 वर्ल्ड कप के बाद से उनकी फॉर्म बेहद खराब रही है. उन्हें पता होना चाहिए कि वैभव सूर्यवंशी जैसा खिलाड़ी सामने आने का इंतजार कर रहा है. उन्हें एक बात याद रखनी होगी, ‘कुछ पारियों के दम पर आप हमेशा के लिए नहीं खेल सकते’. अब देखना ये है कि टीम इंडिया कब तक संजू सैमसन को बैक करती है और कबतक सूर्यवंशी जैसा खिलाड़ी बेंच पर बैठा रहेगा?