कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स स्टेडियम ने अपने लंबे इतिहास में कई यादगार और अहम मुकाबले देखे हैं. इस मैदान पर टेस्ट क्रिकेट से लेकर वनडे और टी20 वर्ल्ड कप के भी कुछ लाजवाब मैच खेले गए हैं, जो यादों में बस गए हैं. आने वाली 1 मार्च को भी ईडन गार्डन्स पर एक अहम मुकाबला होने वाला है, जिसमें ये तय होगा कि क्या टीम इंडिया लगातार दूसरी बार चैंपियन बनने के सफर में आगे बढ़ेगी या उस पर ब्रेक लग जाएंगे. टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मैच में भारत और वेस्टइंडीज के बीच कोलकाता में ये मुकाबला खेला जाएगा, जिसे जीतने वाली टीम सेमीफाइनल में पहुंचेगी. मगर दोनों में से किसी भी टीम के लिए ये आसान नहीं होने वाला और इसकी वजह है ईडन गार्डन्स पर दोनों का 100 फीसदी रिकॉर्ड.
रविवार 1 मार्च को सुपर-8 राउंड के आखिरी मैच में भारत-वेस्टइंडीज आमने-सामने होंगे. ये मैच दोनों के लिए अहम है क्योंकि जीतने वाली टीम सेमीफाइनल में पहुंचेगी. ऐसे में दोनों ही टीम जीत के लिए पूरा जोर लगा देंगी लेकिन सफलता तो किसी एक को ही मिलेगी. अब ये बाजी किसके हाथ लगेगी? सबसे बड़ा सवाल यही है और इसका जवाब अपने-अपने अंदाजे से हर कोई दे रहा होगा लेकिन रिकॉर्ड्स की नजर में किसी का भी पलड़ा पूरी तरह से भारी नहीं है और ये रिकॉर्ड जानने के बाद आप भी इस बात से सहमत होंगे.
वेस्टइंडीज का कमाल का रिकॉर्ड
तो बात ऐसी है कि अलग-अलग पैमानों के आधार पर ईडन गार्डन्स में भारत और वेस्टइंडीज का रिकॉर्ड एकदम खरा है यानि 100 फीसदी सफलता. अब आप सोच रहे हैं कि ऐसा कैसे हो सकता है क्योंकि हर कोई जानता है कि इस मैदान पर टीम इंडिया ने कई बार वेस्टइंडीज को हराया है. वेस्टइंडीज के लिहाज से देखें तो ये रिकॉर्ड है ईडन गार्डन्स में टी20 वर्ल्ड कप के मैच जीतने का. कैरेबियन टीम ने ईडन गार्डन्स में आज तक टी20 वर्ल्ड कप में 3 मैच खेले हैं और तीनों में उसने जीत दर्ज की है. इसमें 2 मैच तो मौजूदा वर्ल्ड कप में आए, जबकि सबसे खास मुकाबला 2016 में खेला गया था, जब फाइनल में इंग्लैंड को मात देकर विंडीज टीम चैंपियन बनी थी. यानि 100 फीसदी रिकॉर्ड.
टीम इंडिया भी इस मैदान पर हावी
अब बात करें टीम इंडिया की तो उसका रिकॉर्ड भी कम नहीं है. भारत ने इस मैदान पर वेस्टइंडीज के खिलाफ कुल 4 टी20 मैच खेले हैं और चारों में जीत दर्ज की है. वहीं टी20 वर्ल्ड कप में सिर्फ एक मैच पाकिस्तान के खिलाफ खेला था और वो भी जीता था. यानि भारतीय टीम भी 100 पर्सेंट सफलता के साथ इस मैदान पर दोबारा उतरेगी. यानि अलग-अलग लिहाज से इस मैदान पर दोनों का रिकॉर्ड बेदाग है. संयोग से पहली बार दोनों टीम इस मैदान पर टी20 वर्ल्ड कप का मैच खेलने उतर रही हैं. ऐसे इस बार किसी एक का रिकॉर्ड तो टूटेगा ही, किसी एक के बेहतरीन रिकॉर्ड पर आंच तो आएगी ही. किसका रिकॉर्ड खराब होता है, इसका फैसला 1 मार्च की रात करीब साढ़े 3 घंटे के खेल में हो जाएगा.
T20 वर्ल्ड कप 2026 से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए यहां क्लिक करें