IND vs WI: रांची में ईशान किशन और वैभव सूर्यवंशी ने की छक्कों की बरसात, अब होगा दूसरे टी20 में ‘धमाका’

ईशान किशन और वैभव सूर्यवंशी दोनों के लिए रांची का स्टेडियम बेहद खास है. ईशान किशन झारखंड के कप्तान हैं और रांची उनका घर है, वहां के स्टेडियम से वो अच्छी तरह वाकिफ हैं. वहीं बिहार के वैभव सूर्यवंशी भी इस मैदान पर काफी क्रिकेट खेले हैं, इस मैदान पर उन्होंने तूफानी शतक भी ठोका है.

वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टी20 से पहले ईशान और सूर्यवंशी दोनों ने ताबड़तोड़ बैटिंग कर फैंस का दिल जीत लिया. ईशान किशन और वैभव सूर्यवंशी ने प्रैक्टिस सेशन में कई छक्के-चौके लगाए.

ईशान किशन की धुआंधार बैटिंग

झारखंड के कप्तान ने नेट में काफी समय बिताया. उन्होंने स्पिनरों का सामना किया और अपने खास आक्रामक अंदाज में कई गेंदों को स्टैंड में पहुंचाया. उन्हें गेंदबाजी करने वालों में रवि बिश्नोई, नमन धीर और अभिषेक शर्मा शामिल थे. किशन भारत के टी20 विश्व कप विजेता स्टार संजू सैमसन के साथ बल्लेबाजी कर रहे थे, उन्होंने भी काफी अच्छे शॉट्स खेले. बता दें रांची के इसी मदान पर उन्होंने पिछले साल झारखंज को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का चैंपियन बनाया था. फाइनल में हरियाणा के खिलाफ 49 गेंदों में 101 रन बनाकर उनकी टीम ने 69 रनों से जीत हासिल की थी. ईशान किशन से अब वेस्टइंडीज के खिलाफ भी ऐसी ही पारी की उम्मीद होगी.

सूर्यवंशी ने भी बांधा समां

वैभव सूर्यवंशी ने भी रांची में प्रैक्टिस के दौरान सबका ध्यान अपनी ओर खींचा. 15 साल के इस खिलाड़ी पर सबकी नजर थी और सूर्यवंशी ने तूफानी शॉट्स खेलकर सबको हैरान कर दिया. बिहार के इस युवा खिलाड़ी ने किसी फैन को निराश नहीं किया, उन्होंने कई चौके लगाए और गेंदों को स्टैंड्स और प्रेस कॉन्फ्रेंस हॉल के बगल में लगी साइट-स्क्रीन की ओर भेजा. हालांकि इस खिलाड़ी को मौका मिलना मुश्किल है क्योंकि ओपनिंग करने अभिषेक और सैमसन की जोड़ी ही उतरेगी. बता दें श्रेयस अय्यर, अक्षर पटेल और कुलदीप यादव ने प्रैक्टिस नहीं की. तेज गेंदबाज मयंक यादव को भी आराम दिया गया.

Leave a Comment