Shai Hope Statement: भारतीय टीम को 3 अक्टूबर (शनिवार) को वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे वनडे में हार का सामना करना पड़ा. इस मुकाबले में वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप ने 162 रनों की नाबाद पारी खेली.
इसके दम पर वेस्टइंडीज ने 5 विकेट से जीत दर्ज की. इस मुकाबले में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट के नुकसान पर 351 रन बनाए थे. इसके जवाब में उतरी वेस्टइंडीज की टीम ने 352 रनों का टारगेट 10 गेंद बाकी रहते ही चेज कर लिया. यह वनडे इतिहास में वेस्टइंडीज का सबसे बड़ा रन चेज है. पहले सभी को कप्तान शाई होप की वजह से भारतीय टीम को तीसरे वनडे में हार मिली. हालांकि बाद में पता चला कि इस हार में पूर्व भारतीय कप्तान एमएस धोनी का भी हाथ रहा.
धोनी की वजह से हारी टीम इंडिया?
वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप ने खुलासा किया कि धोनी से मिली सीख के चलते ही वह भारत के खिलाफ ऐतिहासिक पारी खेल सके. उन्होंने भारत के खिलाफ तीसरे वनडे में 143 गेंदों पर नाबाद 162 रनों की पारी खेली. इसमें उनके बल्ले से 17 चौके और 3 छक्के आए. मैच के बाद शोई होप ने बताया कि जब वह विशाल टारगेट का पीछा कर रहे थे, तब उन्हें एमएस धोनी की बात याद आई.
होप ने कहा, ‘मेरी महान एमएस धोनी से बात हुई थी. उन्होंने मुझसे कहा था कि आपके पास हमेशा उससे ज्यादा समय होता है जितना आप सोचते हैं. इसलिए हमने चेज को टुकड़ों में हासिल करने की कोशिश की. मुझे पता था कि भारत को पेनल्टी के चक्कर में फील्डर अंदर लाने होंगे इसलिए मैंने धैर्य बनाए रखा.’ इसी सलाह के दम पर शाई होप ने 162 रनों की शानदार पारी खेली और अपनी टीम को 5 विकेट से जीत दिलाई.
वेस्टइंडीज की ऐतिहासिक जीत पर क्या बोले?
वेस्टइंडीज ने भारत के खिलाफ अपने वनडे इतिहास का सबसे सफल रन चेज हासिल किया. मैच के बाद कप्तान होप ने कहा, ‘मुझे लगता है कि हमने टुकड़ों में कुछ बहुत अच्छी क्रिकेट खेली. बल्लेबाज कुछ रन बना रहे थे. हम वास्तव में यही करना चाहते थे. तो हां, हम पिछले 2-3 सालों से वास्तव में अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं, जहां बल्लेबाज अधिक सुसंगत रहे हैं. हमने उनसे बोर्ड पर बड़े स्कोर बनाने के लिए कहा. इन परिस्थितियों में गेंदबाजी करना हमेशा कठिन होता है. हम भारत को अधिक बल्लेबाजों के अनुकूल जानते हैं. आपको अपने कौशल को सामने लाना होगा और त्रुटि के लिए बहुत, बहुत, बहुत कम मार्जिन रखना होगा. इसलिए गेंदबाजी के दृष्टिकोण से, हमने बहुत कुछ सीखा. मुझे यकीन है कि लोग इसे स्वीकार करेंगे और उम्मीद है कि हम आगे चलकर गेंदबाजी में काफी बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे.’
होप ने तोड़े कई रिकॉर्ड
वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप ने अपनी इस पारी के दौरान कई रिकॉर्ड बनाए. उन्होंने वेस्टइंडीज के लिए वनडे में रन चेज के दौरान सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. उन्होंने इस मामले में पूर्व बल्लेबाज क्रिस गेल की बराबरी कर ली है. क्रिस गेल ने साल 2019 में इंग्लैंड के खिलाफ 162 रन की पारी खेली थी. इसके अलावा शाई होप ने भारत के खिलाफ वनडे मैच में रन चेज के मामले में सबसे बड़ा स्कोर बनाया है.
इतना ही नहीं, शाई होप ने वनडे क्रिकेट में बतौर विकेटकीपर-कप्तान 8 शतक लगाए हैं. इस मामले में महेंद्र सिंह धोनी (4) और एबी डिविलियर्स (4) उनसे काफी पीछे हैं. इसके अलावा शाई होप सबसे कम पारियों में 21 वनडे शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में संयुक्त रूप से तीसरे पायदान पर पहुंच गए हैं. होप ने यह कारनामा 152 पारियों में किया. इस मामले में उन्होंने क्विंटन डी कॉक और डेविड वॉर्नर की बराबरी कर ली है. हाशिम आमला (116 पारियां) और विराट कोहली (138 पारियां) इस लिस्ट में होप से आगे हैं.