IND vs WI: टीम इंडिया को 2 गलतियों से हुआ 39 रन का नुकसान, फिर जसप्रीत बुमराह ने दिलाई राहत

T20 World Cup 2026: वेस्टइंडीज के खिलाफ मुकाबले में टीम इंडिया को 39 रन का नुकसान हुआ है. लेकिन, कोलकाता के ईडन गार्डन्स पर खेले जा रहे मुकाबले में ये नुकसान हुआ कैसे? दरअसल, इसके तार मुकाबले के दौरान वेस्टइंडीज के बल्लेबाज रोस्टन चेज और उन्हें मिले जीवनदान से जुड़े हैं. भारत के खिलाफ नॉकआउट मुकाबले में रोस्टन चेज ओपन करने उतरे थे. अपनी इनिंग के दौरान उन्हें 2 जीवनदान मिले, जिसके चलते वो 40 रन बनाने में कामयाब रहे.

टीम इंडिया की पहली गलती

रोस्टन चेज को पहला जीवनदान टीम इंडिया के खिलाड़ी वरुण चक्रवर्ती से हुई भारी चूक के चलते मिली थी. उस वक्त वो सिर्फ 1 रन बनाकर खेल रहे थे. चेज रन आउट हो जाते अगर वरुण चक्रवर्ती का थ्रो सही एंड पर आया होता. मगर ऐसा नहीं होने से रोस्टन चेज बाल-बाल बच गए. ये घटना वेस्टइंडीज की इनिंग के तीसरे ओवर में घटी.

टीम इंडिया की दूसरी गलती

इसके बाद रोस्टन चेज को आउट करने का मौका टीम इंडिया के पास एक बार फिर से आया. ये मौका पावरप्ले के 5वें ओवर में बना. बुमराह के इस ओवर की 5वीं गेंद पर रोस्टन चेज के बल्ले से लगकर एक गेंद सीधे ऊपर की ओर गई. अभिषेक शर्मा के पास मौका था उसे लपकने का. वो गेंद की लाइन में भी आए. ऐसा लगा भी कि उन्होंने गेंद लपक ली. मगर वो कैच ड्रॉप हो गया. रोस्टन चेज को ये दूसरा जीवनदान जब मिला, वो 14 रन पर खेल रहे थे.

टीम इंडिया को 39 रन का नुकसान कैसे?

रोस्टन चेज के बल्ले पर ब्रेक उसके बाद भी नहीं लगा. वो जो काम करने ओपनिंग में आए थे, वेस्टइंडीज के लिए उसे वो बखूबी करते दिखे. उन्होंने तेजी से रन बनाना जारी रखा. रोस्टन चेज ने 160 की स्ट्राइक रेट से 25 गेंदों में 40 रन बनाए, जिसमें 5 चौके और 1 छक्का शामिल रहा. अब अगर उनके 1 रन पर मिले जीवनदान से देखें तो चेज ने अपनी इनिंग में 39 रन का और इजाफा किया.

बुमराह ने दिलाई राहत

हालांकि, टीम इंडिया के लिए वो और बड़ा खतरा बनते, उससे पहले जसप्रीत बुमराह ने रोस्टन चेज के डग आउट लौटने का प्रबंध कर दिया. बुमराह ने चेज को सूर्यकुमार यादव के हाथों कैच कराकर डगआउट की राह पकड़ाई. रोस्टन चेज 12वें आउट हुए, तब तक वेस्टइंडीज का स्कोर 100 रन के पार पहुंच चुका था.

T20 वर्ल्ड कप 2026 से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए यहां क्लिक करें