IND vs WI: टीम इंडिया को लगा तगड़ा झटका! चोटिल हुए कप्तान शुभमन गिल, सिराज की तेज गेंद कोहनी पर लगी

Shubman Gill Injured: तिरुवनंतपुरम में वेस्टइंडीज के खिलाफ शुरू होने जा रही तीन मैचों की वनडे सीरीज के पहले मुकाबले से ठीक 48 घंटे पहले भारतीय खेमे से बड़ी खबर सामने आई है. ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में शुक्रवार को प्रैक्टिस सेशन के दौरान टीम के कप्तान शुभमन गिल तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज की एक उछाल भरी गेंद पर चोटिल हो गए.

गेंद सीधे गिल की दाईं कोहनी पर जाकर लगी, जिसके बाद वह दर्द से कराहते हुए नजर आए और उन्हें फौरन नेट्स छोड़कर बाहर जाना पड़ा.

20 मिनट तक चला मेडिकल ट्रीटमेंट

शुभमन गिल ने नेट्स में चोट लगने के बाद मैदान पर तुरंत फिजियो को बुलाया गया. शुभमन गिल को करीब 20 मिनट तक गहन मेडिकल टीम की देखरेख में रहना पड़ा और उनकी दाहिनी कोहनी पर पट्टी बांधी गई. फिर डगआउट में आराम के दौरान सीनियर साथी रोहित शर्मा खुद गिल के पास पहुंचे और उनकी चोट का जायजा लिया. राहत की बात यह रही कि दर्द कम होने के बाद गिल ने सेशन खत्म होने से पहले थ्रो-डाउन गेंदों का सामना करने के लिए नेट्स में वापसी की.

नेट्स में साथ बरसे रोहित और विराट

कप्तान के चोटिल होने से कुछ देर पहले अनुभवी जोड़ी रोहित शर्मा और विराट कोहली ने लगभग 20 मिनट तक पास-पास वाले नेट्स में एक साथ बल्लेबाजी की प्रैक्टिस की. अफगानिस्तान के खिलाफ पिछली सीरीज से बाहर रहने के बाद कोहली पूरी तरह लय में दिखे और दोनों ने भारतीय गेंदबाजों के साथ स्थानीय नेट बॉलर्स के खिलाफ शानदार स्ट्रोक्स लगाए.

वहीं, टीम के गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्केल ने ड्रेसिंग रूम के इस माहौल की खुलकर तारीफ की. मोर्केल ने कहा, ‘शुभमन ने अब तक कप्तानी में शानदार काम किया है, लेकिन मैं हमेशा टीम में सीनियर खिलाड़ियों की भूमिका को बहुत अहम मानता हूं. कई युवा खिलाड़ी किसी खास सीनियर से बात करने में ज्यादा सहज महसूस करते हैं. हम भाग्यशाली हैं कि हमारे पास रोहित और विराट जैसे अनुभवी दिग्गजों का साथ है.’

Leave a Comment