IND vs WI 4th T20I: भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेली जा रही पांच मैचों की रोमांचक टी20 सीरीज अब अपने चौथे पड़ाव पर पहुंच गई है. शुरुआती तीन मुकाबलों के बाद भारतीय टीम 2-1 से बढ़त बनाए हुए है और अब दोनों टीमों के बीच चौथा टी20 मुकाबला बुधवार 14 अक्टूबर को हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा.
हैदराबाद का यह ऐतिहासिक मैदान बल्लेबाजों के लिए स्वर्ग माना जाता है और यहां एक बार फिर चौकों-छक्कों की बरसात के साथ हाई-स्कोरिंग मुकाबले की पूरी उम्मीद है. ऐसे में भारतीय टीम के विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन वेस्टइंडीज के लिए सबसे बड़ा सिरदर्द साबित हो सकते हैं.
हैदराबाद में पहली बार T20I खेलेंगे ईशान
भले ही इंटरनेशनल लेवल पर यह पहला मौका होगा जब ईशान किशन हैदराबाद के मैदान पर भारत की नीली जर्सी में कोई टी20 इंटरनेशनल मुकाबला खेलेंगे, लेकिन इस मैदान की रग-रग से वो भली-भांति वाकिफ हैं. उप्पल के इस मैदान पर ईशान किशन का बल्ला हमेशा जमकर बोला है और उन्होंने गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाई हैं. हैदराबाद में खेले गए 18 टी20 मुकाबलों में ईशान ने 36.46 की औसत और 160.41 के स्ट्राइक रेट से 547 रन कूटे हैं. इस दौरान उनके बल्ले से 1 शानदार शतक और 3 विस्फोटक अर्धशतक भी निकले हैं.
राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों को जबरदस्त मदद देती है. गेंद बल्ले पर आसानी से आती है और आउटफील्ड काफी तेज होने के कारण यहां बड़ा स्कोर बनाना आसान रहता है. सीरीज के पहले तीन मुकाबलों में भी दोनों टीमों के बल्लेबाजों ने खुलकर हाथ दिखाए हैं. रांची में जहां वेस्टइंडीज ने 250 का टारगेट हासिल किया था, वहीं तीसरे मैच में भारत ने 14 रनों से बाजी मारी थी. ऐसे में हैदराबाद की परिस्थितियां ईशान किशन जैसे आक्रामक बल्लेबाज के बिल्कुल अनुकूल हैं.
सीरीज सील करने के इरादे से उतरेगी टीम इंडिया
भारतीय टीम के पास इस चौथे मुकाबले को जीतकर 5 मैचों की सीरीज में 3-1 की अजेय बढ़त बनाकर ट्रॉफी अपने नाम करने का सुनहरा मौका है. वहीं, वेस्टइंडीज की टीम सीरीज को 2-2 से बराबर कर आखिरी मैच को फाइनल बनाने की कोशिश करेगी.