भारत और श्रीलंका के बीच कोलंबो के सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब में टेस्ट सीरीज का दूसरा व निर्णायक मुकाबला खेला जा रहा है। मैच के दूसरे दिन बारिश के कारण पूरे 90 ओवर नहीं हो सके। इस कारण अब बचे हुए तीनों दिन के खेल के समय में भी बदलाव हो चुका है।
दूसरे दिन हुए ओवर्स के नुकसान की पूर्ति के लिए अब बचे हुए तीनों दिन मुकाबला तय समय से 15 मिनट पहले शुरू होगा। वहीं दूसरे दिन के अंत तक मेहमान भारतीय टीम ने मैच पर मजबूत पकड़ बना ली है।
भारतीय टीम ने कोलंबो टेस्ट में 503 रन पर अपनी पहली पारी घोषित कर दी थी। उसके बाद श्रीलंका की पहली पारी का आगाज हुआ और दूसरे ओवर में ही प्रसिद्ध कृष्णा ने ओपनर लाहिरु उदारा को पवेलियन भेज दिया। फिर अगले ओवर में मानव सुतार ने आते ही अपने पहले ओवर में पहला विकेट झटका और नाइट वॉचमैन प्रभात जयसूर्या को आउट कर दिया। इस तरह दिन का खेल खत्म होने तक मेजबान टीम ने 3 ओवर में 8 रन पर ही दो विकेट गंवा दिए।
भारतीय टीम के स्कोर से श्रीलंकाई टीम 495 रन पीछे है और इस तरह की शुरुआत को देखते हुए उसके ऊपर फॉलोऑन का खतरा भी मंडरा रहा है। टीम इंडिया के लिए बल्लेबाजों में देवदत्त पडिक्कल और ध्रुव जुरेल ने शतकीय पारियां खेली थीं। इसकी बदौलत टीम इंडिया ने स्कोर 500 के पार पहुंचाया और फिर कप्तान शुभमन गिल ने पारी घोषित करने का इशारा किया। दूसरे दिन बारिश के खलल से पूरे ओवर भी नहीं हो सके और इसी कारण अब बचे हुए तीन दिनों के खेल शुरू के समय में भी बदलाव हुआ।
कब शुरू होगा तीसरे, चौथे व पांचवें दिन का खेल?
तय समय के मुताबिक भारत बनाम श्रीलंका कोलंबो टेस्ट में दिन के खेल की शुरुआत सुबह 10 बजे (भारत और श्रीलंका दोनों के समयानुसार) से होनी थी। अब बारिश के कारण दूसरे दिन करीब 20 से ज्यादा ओवरों का नुकसान हुआ। इसकी भरपाई के लिए बचे हुए तीनों दिन मुकाबला अब सुबह 9.45 से शुरू होगा। वहीं दिन के अंत में भी खेल को रोशनी की उपलब्धता को देखते हुए 15 मिनट से आधे घंटे तक खींचा जा सकता है।
हालांकि, बारिश का पूर्वानुमान कोलंबो में पांचों दिन है, अब देखना होगा कि इस मुकाबला का नतीजा क्या होगा। फिलहाल भारत 1-0 से सीरीज में आगे है और श्रीलंकाई टीम को सीरीज बचाने के लिए हर हाल में यह मुकाबला जीतना है। इसके आसार काफी कम नजर आ रहे हैं और टीम इंडिया मौजूदा स्थिति को देखते हुए मजबूत नजर आ रही है।
जुरेल-पडिक्कल का शतक, पंत-गिल ने ठोके पचासे; भारत ने कोलंबो टेस्ट में 503 रन पर घोषित की पारी
भारतीय टीम ने कोलंबो के सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब में जारी दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन 503/9 पर अपनी पारी घोषित की। इस पारी में देवदत्त पडिक्कल के बाद ध्रुव जुरेल ने भी शानदार शतक जड़ा। कप्तान शुभमन गिल और ऋषभ पंत ने भी पचासे ठोके।