IND vs SL Series: श्रीलंका की टीम दिसंबर में भारत के दौरे पर आने वाली है. जहां दोनों टीमों के बीच 3 मैचों की वनडे सीरीज और इतने ही मैचों की टी20 सीरीज खेली जानी है. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) इस सीरीज में एक बड़ा बदलाव करने जा रहा है.
दरअसल, ODI सीरीज का पहला मुकाबला अब दिल्ली के बजाए अहमदाबाद में आयोजित किए जाने की तैयारी है. शेड्यूल के मुताबिक, यह मुकाबला 13 दिसंबर को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाना था, लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक अब यह मैच उसी तारीख को दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट वेन्यू यानी अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा.
दिल्ली से मैच शिफ्ट होने की क्या है वजह?
मुकाबले को दिल्ली से अहमदाबाद शिफ्ट करने के पीछे स्टेडियम के बुनियादी ढांचे में होने वाला बड़ा बदलाव है. दिल्ली एंड डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (DDCA) अरुण जेटली स्टेडियम में रेनोवेशन का काम करने की योजना बना रहा है. इस तहत स्टेडियम की पिच और आउटफील्ड को पूरी तरह नया रूप दिया जाएगा, अत्याधुनिक सब-एयर ड्रेनेज सिस्टम लगाया जाएगा और पूरे परिसर के इंफ्रास्ट्रक्चर को अपग्रेड किया जाएगा. रेनोवेशन के चलते स्टेडियम लंबे समय तक किसी भी मुकाबले के आयोजन के लिए उपलब्ध नहीं रहेगा.
स्टेडियम के कायाकल्प का असर सिर्फ इंटरनेशनल मैचों तक ही सीमित नहीं रहेगा, बल्कि घरेलू सीजन पर भी इसका गहरा प्रभाव पड़ेगा.दिल्ली की रणजी टीम को आगामी महीनों में गुजरात, सर्विसेज और महाराष्ट्र के खिलाफ अपने घरेलू मैच अरुण जेटली स्टेडियम में नहीं खेल पाने की स्थिति बनेगी. इसके अलावा महिला क्रिकेट और जूनियर एज कैटेगरी के कई टूर्नामेंट्स भी प्रभावित होंगे. घरेलू मैचों के आयोजन के लिए डीडीसीए ने पालम और जामिया मिलिया के क्रिकेट मैदानों को संभावित वेन्यू के रूप में चुना है, जहां इस सीजन के मुकाबले कराए जाएंगे.
भारत-श्रीलंका वनडे सीरीज का पूरा शेड्यूल
- 13 दिसंबर पहला वनडे अहमदाबाद
- 16 दिसंबर दूसरा वनडे चेन्नई
- 19 दिसंबर तीसरा वनडे अहमदाबाद
भारत-श्रीलंका टी20 सीरीज का पूरा शेड्यूल
- 22 दिसंबर पहला टी20 राजकोट
- 25 दिसंबर दूसरा टी20 कटक
- 27 दिसंबर तीसरा टी20 पुणे