IND vs SL टेस्ट सीरीज को लेकर श्रीकांत की तीन भविष्यवाणी, बताया कौन बनाएगा सबसे ज्यादा रन?

भारत और श्रीलंका के बीच शनिवार से दो मैचों की टेस्ट सीरीज शुरू होने जा रही है। पहला मैच गॉल जबकि दूसरे कोलंबो के मैदान पर होगा। यह सीरीज आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 का हिस्सा है।

शुभमन गिल की कप्तानी वाली भारतीय टीम की निगाहे श्रीलंका को रौंदकर डब्ल्यूटीसी अंक तालिका में अपनी स्थिति बेहतर करने पर होगी। भारत फिलहाल तालिका में पांचवें जबकि श्रीलंका छठे स्थान पर है। भारत बनाम श्रीलंका सीरीज को लेकर काफी चर्चा हो रही है। इस बीच भारत के पूर्व कप्तान और पूर्व चीफ सिलेक्टर कृष्णमाचारी श्रीकांत ने आगामी सीरीज को लेकर तीन भविष्यवाणियां की।

सीरीज में कौन बनाएगा सबसे ज्यादा रन?

श्रीकांत ने गुरुवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया। वीडियो में श्रीकांत ने कहा कि सीरीज में टॉप रन स्कोरर निश्चित रूप से शुभमन गिल होंगे। केएल राहुल भी टीम में हैं लेकिन गिल सबसे आगे रहेंगे। गिल बतौर खिलाड़ी और बतौर कप्तान पहली बार श्रीलंका दौरे पर टेस्ट खेलने आए हैं। भारत ने श्रीलंका की धरती पर पिछली टेस्ट सीरीज 2017 में खेली थी। गिल ने दिसंबर 2020 में टेस्ट डेब्यू किया। वह अब तक 41 टेस्ट में 2969 रन बना चुके हैं, जिसमें 44.31 का औसत रहा। उनके बल्ले से इस फॉर्मेट में 11 शतक और 8 अर्धशतक निकले हैं।

सीरीज में कौन चटकाएगा सबसे ज्यादा विकेट?

वहीं, श्रीकांत से जब सीरीज में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा टीम में हैं। हालांकि, मैं तेज गेंदबाज सिराज के साथ जाऊंगा।” श्रीकांत ने सीरीज रिजल्ट की भी भविष्यवाणी भी। उन्होंने कहा कि श्रीलंका के खिलाफ भारतीय टीम 1-0 से सीरीज जीतेगी। भारत ने श्रीलंका से पिछले चार टेस्ट सीरीज जीती हैं। श्रीलंका ने भारत के विरुद्ध आखिरी बार साल 2008 में टेस्ट सीरीज पर कब्जा जमाया था। श्रीलंका ने तब घर पर तीन मैचों की टेस्ट सीरीज 2-1 से अपने नाम की थी।

तीन स्पिनर उतार सकती है भारतीय टीम

गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल ने संकेत दिया कि श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट में भारत बाएं हाथ के तीन स्पिनरों को उतार सकता है क्योंकि कुलदीप यादव, मानव सुथार और रविंद्र जडेजा की गेंदबाजी में अलग-अलग तरह की विविधता और विकेट लेने की क्षमता है। कुलदीप अपनी बाएं हाथ की कलाई की स्पिन से बल्लेबाजों को चकमा देने की क्षमता रखते हैं, जडेजा की सटीक गेंदबाजी बड़े से बड़े बल्लेबाज को परेशान कर सकती है जबकि सुथार पारंपरिक शैली की बाएं हाथ की स्पिन गेंदबाजी की याद दिलाते हैं।

Leave a Comment