भारत और साउथ अफ्रीका टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 राउंड में भिड़ने के लिए तैयार हैं. ये पिछले टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल का एक तरह से एक्शन रिप्ले होने जा रहा है. रविवार 22 फरवरी को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाले इस मुकाबले को लेकर उत्सुकता काफी ज्यादा है. इस उत्सुकता को टीम इंडिया के मौजूदा हालातों ने भी बढ़ा दिया है. स्टार ओपनर अभिषेक शर्मा के लगातार 3 मैच में 0 पर आउट होने के बाद प्लेइंग-11 में बदलाव को लेकर सवाल उठ रहे हैं. मगर कप्तान सूर्यकुमार यादव ने साफ कर दिया है कि अभिषेक अपनी जगह बरकरार रखेंगे.
सुपर-8 राउंड में टीम इंडिया के इस शुरुआती मैच से एक दिन पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्लेइंग-11 का मुद्दा उठा. इसकी वजह अभिषेक शर्मा की मौजूदा फॉर्म के अलावा प्रैक्टिस सेशन में संजू सैमसन का लंबा वक्त बिताना रहा. शुक्रवार को हुए अभ्यास सत्र में सैमसन ने नेट्स पर लंबी बैटिंग की, जो कि आम तौर पर तभी होता है जब किसी बल्लेबाज को प्लेइंग-11 में मौका मिलने वाला होता है. इस नजारे ने ये उत्सुकता बढ़ाई थी कि क्या टीम इंडिया सुपर-8 राउंड में अभिषेक की जगह सैमसन को उतार सकती है या नहीं.
प्रेस कॉन्फ्रेंस में जब सूर्यकुमार यादव के सामने ये मुद्दा उठाया गया और पूछा गया कि क्या सैमसन को प्लेइंग-11 में जगह मिल सकती है, तो भारतीय कप्तान ने इसे खारिज कर दिया. सूर्या ने सवाल पूछने के लहजे में ही अपना जवाब दिया. उन्होंने कहा, “आप बोल रहे हो कि मैं अभिषेक की जगह खिलाऊं उसको?” जब नंबर-3 पर उतारने के बारे में पूछा गया तो फिर कप्तान ने ऐसा ही जवाब देते हुए पूछ लिया, “तो मतलब तिलक की जगह खिलाऊं?”
इसके बाद सूर्या ने टीम के प्रदर्शन पर संतुष्टि जाहिर करते हुए कहा कि बाइलेटरल में ज्यादा रन बनाकर टीम ने अपेक्षाएं बढ़ाई हैं लेकिन फिलहाल सब अच्छा चल रहा है. उन्होंने कहा, “अच्छा ही तो चल रहा है. अभी पावरप्ले में 40-50 रन तो बन ही रहे हैं. अब हमने बाइलेटरल में इतना अच्छा क्रिकेट खेल लिया है. होता है कभी-कभी खुद से भी अपेक्षाएं होती हैं कि 220-240 रन बना दें. लेकिन विकेट थोड़े अलग हैं यहां पर, जो चारों मैच हमने खेले हैं, वो अलग रहे हैं.”
संजू सैमसन को इस वर्ल्ड कप में अभी तक सिर्फ एक ही मैच में मौका मिला है, जब अभिषेक शर्मा बीमार हो गए थे. सैमसन को नामीबिया के खिलाफ मैच में मौका दिया गया था, जहां उन्होंने 8 गेंदों में 22 रन बनाए थे. मगर इसके बाद उनकी वापसी नहीं हुई. टॉप ऑर्डर में जगह न होने के कारण और मिडिल ऑर्डर में उनका रिकॉर्ड बहुत अच्छा न होने के कारण सैमसन को फिलहाल इंतजार ही करना पड़ सकता है. हालांकि, टॉस के दौरान जब तक प्लेइंग-11 का ऐलान नहीं होता, तब तक किसी भी तरह के बदलाव की संभावना बनी रहेगी.