IND vs SA: तिलक वर्मा को टीम इंडिया से मिला खास आदेश, सुपर-8 मैच से पहले कप्तान ने किया बड़ा खुलासा

टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप के ग्रुप स्टेज में अपने सभी मैच जीतकर सुपर-8 राउंड में जगह बनाई. मगर इस सफल प्रदर्शन के बाद भी टीम इंडिया पूरी तरह लय में नहीं नजर आई है. खास तौर पर बल्लेबाजी में पूरी क्षमता के साथ प्रदर्शन देखने को नहीं मिला है और खास तरह की गेंदबाजी के आगे विस्फोटक भारतीय बल्लेबाज संघर्ष करते दिखे हैं. जहां सबसे ज्यादा चर्चा ओपनर अभिषेक शर्मा की नाकामी पर हुई है, वहीं तीसरे नंबर के बल्लेबाज तिलक वर्मा का प्रदर्शन भी सवालों के घेरे में है. मगर सुपर-8 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ मैच से पहले कप्तान सूर्यकुमार यादव ने बताया कि तिलक को खास तरह से बैटिंग करने का आदेश टीम से मिला है.

टीम इंडिया के लिए इस वर्ल्ड कप में अभी तक ईशान किशन, कप्तान सूर्यकुमार यादव और शिवम दुबे ने लगातार अच्छा योगदान दिया है. वहीं हार्दिक पंड्या ने भी एक-दो दमदार पारी खेली हैं. मगर दो बल्लेबाजों के प्रदर्शन ने काफी परेशान और हैरान किया हुआ है. जहां विस्फोटक ओपनर अभिषेक शर्मा लगातार 3 पारियों में 0 पर आउट हुए हैं तो वहीं तिलक वर्मा ने लगातार 3 पारियों में 25-25 रन बनाए, जबकि चौथी पारी में 31 रन बनाए.

तिलक के स्कोर तो छोटे हैं लेकिन उससे भी ज्यादा परेशान करने वाला उनका स्ट्राइक रेट रहा है. अमेरिका के खिलाफ उनका स्ट्राइक रेट 156 का था लेकिन फिर नामीबिया के खिलाफ 119, पाकिस्तान के खिलाफ 104 और नीदरलैंड के खिलाफ सिर्फ 114 का रहा. पिछले टी20 वर्ल्ड कप के बाद से टीम इंडिया ने इस फॉर्मेट में जिस तरह की बैटिंग का फलसफा अपनाया है, तिलक का प्रदर्शन उससे बिल्कुल अलग रहा है. खास तौर पर पावरप्ले में तेजी से रन बटोरने में सफल होने के बाद वो स्पिनर्स के सामने लगातार संघर्ष कर रहे हैं, जो टीम इंडिया के लिए परेशानी का सबब बन रहा है. टीम का स्कोरिंग रेट नीचे आ रहा है और विरोधी टीमें इसका फायदा उठाती हुई दिखी हैं.

ऐसे में बार-बार सवाल उठ रहे हैं कि क्यों तिलक ऐसी बैटिंग कर रहे हैं? इसको लेकर सूर्या ने खुलासा किया कि टीम ने उन्हें खास मैसेज दिया है. मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में कप्तान ने बताया, “मैंने उससे कहा है, टीम मैनेजमेंट ने उसे कहा है कि ऐसे बैटिंग करनी है. अगर एक विकेट गिरता है तो बेशक वो अपने अंदाज में ही पावरप्ले में बैटिंग कर सकता है. मगर जैसे ही 2 विकेट गिरते हैं तो उसे थोड़ा संभलकर खेलना होगा, पार्टनरशिप करनी होगी, 10वें ओवर तक लेकर जाना है, फिर हमारे पास काफी ताकत है, जो गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा सकते हैं.”

जब सूर्या से पूछा गया कि क्या तिलक की जगह संजू सैमसन को नहीं उतारा जा सकता है तो कप्तान ने इस पर हैरानी जताते हुए कहा कि सबकुछ अच्छा तो चल रहा है. हालांकि, उन्होंने भी माना कि खुद तिलक अपने अब तक के प्रदर्शन से संतुष्ट नहीं होंगे क्योंकि उन्होंने अपने लिए ऊंचे स्टैंडर्ड सेट किए हैं. मगर इसके बावजूद सूर्यकुमार यादव ने साफ किया कि वो या टीम मैनेजमेंट तिलक वर्मा की फॉर्म या खेलने के तरीके को लेकर किसी भी तरह से परेशान नहीं हैं.