टीम इंडिया का प्रदर्शन टी20 वर्ल्ड कप 2026 में लगातार अच्छा रहा है और उसने बिना किसी खास परेशानी के ग्रुप स्टेज में सभी मैच जीतकर अगले राउंड में जगह बनाई. इन नतीजों के बावजूद टीम इंडिया को कुछ मोर्चों पर परेशानी का सामना करना पड़ा था, जिसने भारतीय टीम की चिंता बढ़ाई थी. ऐसी ही एक चिंता टीम की ओपनिंग पार्टनरशिप की थी, जो इस वर्ल्ड कप में लगातार नाकाम रही. उम्मीद की जा रही थी कि सुपर-8 राउंड में हालात बदलेंगे लेकिन ऐसा नहीं हो सका और इस वर्ल्ड कप में चौथी बार टीम इंडिया के साथ हादसा हो गया. जी हां, इस टूर्नामेंट में चौथी बार टीम इंडिया का कोई एक ओपनर खाता खोलने में नाकाम रहा.
रविवार 22 फरवरी को सुपर-8 राउंड में भारत और साउथ अफ्रीका आमने-सामने थे. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हुई इस टक्कर में साउथ अफ्रीका ने पहले बैटिंग करते हुए टीम इंडिया को 188 रन का लक्ष्य दिया था. इसके जवाब में जब भारतीय टीम बल्लेबाजी के लिए उतरी तो सबकी नजरें अभिषेक शर्मा पर थीं. टीम इंडिया के इस विस्फोटक ओपनर को अपने तीनों ही मैच में खाता खोले बिना ही पवेलियन लौटना पड़ा था. ऐसे में उम्मीद थी कि इस बार वो अपना पहला रन बटोर लेंगे और अभिषेक इसमें सफल हुए भी लेकिन उससे पहले ही टीम को बड़ा झटका लग गया था.
जहां ग्रुप स्टेज के 4 में से 3 मैचों में ओपनिंग करते हुए अभिषेक शर्मा 0 पर आउट हुए थे तो वहीं इस बार ये झटका ईशान किशन को लगा. पहले ओवर में स्ट्राइक लेकर पारी की शुरुआत करने वाले ईशान को साउथ अफ्रीकी कप्तान एडन मार्करम गेंदबाजी कर रहे थे. ओवर की शुरुआती 3 गेंदों पर ईशान कोई रन नहीं बटोर सके. फिर चौथी गेंद पर उन्होंने ऊंचा शॉट खेल दिया लेकिन ये सीधे फील्डर के हाथ में चली गई और ईशान इस वर्ल्ड कप में पहली बार खाता खोले बिना लौट गए.
इसके साथ ही मौजूदा वर्ल्ड कप में चौथी बार कोई भारतीय ओपनर 0 के स्कोर पर आउट हो गया. इससे पहले अमेरिका, पाकिस्तान और नीदरलैंड के साथ मुकाबलों में अभिषेक शर्मा ओपनिंग करते हुए 0 पर आउट हुए थे. इस टूर्नामेंट में सिर्फ एक ही मैच ऐसा रहा, जिसमें दोनों भारतीय ओपनर रन बनाने में सफल रहे थे. ये मैच नामीबिया के खिलाफ था, जिसमें ओपनिंग की जिम्मेदारी ईशान के साथ संजू सैमसन निभा रहे थे. ईशान ने उस मैच में अर्धशतक जड़ा था, जबकि संजू ने सिर्फ 8 गेंदों में 22 रन बनाए थे.