IND vs PAK, Women’s Asia Cup Rising Stars: 100 रन के अंदर पाकिस्तान ऑल आउट, कोलंबो से पहले भारत ने यहां किया ढेर

Women’s Asia Cup Rising Stars: भारत और पाकिस्तान के बीच एक महामुकाबला T20 वर्ल्ड कप 2026 में होना है. लेकिन, कोलंबो के प्रेमदासा स्टेडियम में होने वाले उस मुकाबले से पहले भारत ने पाकिस्तानी बल्लेबाजों की वहां से 5000 किलोमीटर दूर बैंकॉक में अच्छे से खबर ली है. ये मुकाबला महिलाओं के राइजिंग स्टार्स एशिया कप में खेला गया, जिसमें पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया.

पाकिस्तान ए पर टूटा भारत ए के गेंदबाजों का कहर

भारत ए टीम की महिला गेंदबाजों ने पाकिस्तान ए के पहले बल्लेबाजी करने के फैसले को सही साबत होने से पहले ही कुचलकर रख दिया. भारतीय गेंदबाजों ने ऐसा कहर बरपाया कि पाकिस्तान ए की महिला टीम के विकेट धड़ाधड़ रेग्यूलर इंटरवल पर गिरते गए. पाकिस्तान ए की ओपनिंग जोड़ी के बीच सिर्फ 2 रन की पार्टनरशिप हुई. 15 रन पर पाकिस्तान ए का दूसरा विकेट गिरा और फिर उसके बाद अगले 17 रनों पर उनके 4 और विकेट गिर गए.

महिला राइजिंग स्टार्स में भारत ने पाक को 93 रन पर सिमटाया

पाकिस्तान ए महिला टीम के 6 बल्लेबाजों को सिर्फ 32 रन पर सिमटाने के बाद भी भारत ए टीम की गेंदबाजों का कहर महिला राइजिंग स्टार्स के इस हाई वोल्टेज मुकाबले में थमा नहीं. नतीजा ये हुआ कि पाकिस्तान ए टीम 100 रन भी नहीं बना सकी और 20 ओवर के मैच में सिर्फ 18.5 ओवर में ही 93 रन बनाकर ऑल आउट हो गई.

महिला राइजिंग स्टार्स में पाकिस्तान ए टीम की बल्लेबाजों का हाल इतना बुरा रहा कि उनके सिर्फ 3 बल्लेबाज ही दहाई का आंकड़ा छू सके, जिसमें एक ओपनर शवाल जुल्फिकार रहीं, जिन्होंने 23 रन बनाए. वही गुल रुख ने 21 रन बनाए जबकि अनोशा नसीर ने 17 रन की पारी खेली.

भारत ए की तरफ से राधा यादव, प्रेमा रावत और सलमा ठाकोर ने 2-2 विकेट लिए. वहीं मिनु मनी और जिंटीमनी कलिटा को 1-1 विकेट मिला.