IND vs PAK: एशियन गेम्स 2026 में क्रिकेट का सबसे बड़ा मुकाबला अब सामने है। भारत ने सेमीफाइनल में श्रीलंका को 124 रन से हराकर फाइनल में जगह बना ली है, जबकि पाकिस्तान ने भी अपना सेमीफाइनल जीतकर गोल्ड मेडल मैच का टिकट कटाया है।
मैच को लेकर फैंस के मन में कई सवाल हैं। भारत-पाकिस्तान का गोल्ड मेडल मैच कब होगा? कहां खेला जाएगा? भारतीय समय के अनुसार कितने बजे शुरू होगा और इसे कैसे देख सकते हैं? इन सभी सवालों का जवाब इस आर्टिकल में मिलेगा।
भारत-पाकिस्तान फाइनल कब खेला जाएगा?
भारत और पाकिस्तान के बीच एशियन गेम्स 2026 का पुरुष क्रिकेट गोल्ड मेडल मैच 3 अक्टूबर 2026 को खेला जाएगा। यानी फैंस को इस हाई-वोल्टेज मुकाबले के लिए ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। इसी दिन कांस्य पदक के लिए बांग्लादेश और श्रीलंका के बीच मुकाबला खेला जाएगा।
कहां होगा भारत-पाकिस्तान का गोल्ड मेडल मैच?
फाइनल का आयोजन जापान के निशिन शहर स्थित कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में होगा। यही मैदान एशियन गेम्स के पुरुष क्रिकेट के सेमीफाइनल मुकाबलों की भी मेजबानी भी कर रहा था।
भारत-पाकिस्तान फाइनल कितने बजे शुरू होगा?
भारतीय क्रिकेट फैंस के लिए अच्छी खबर है कि मैच सुबह के समय होगा। भारत के समय के अनुसार मुकाबला सुबह 10 बजे शुरू होगा। जापान के स्थानीय समय के अनुसार यह मैच दोपहर में खेला जाएगा। सुबह उठते ही भारतीय फैंस को धमाका देखने को मिलेगा।
क्या दांव पर होगा?
भारतीय टीम का गोल्ड मेडल दांव पर रहेगा। पिछले एशियन गेम्स में चीन में भारत ने गोल्ड जीता था। उस समय अफगानिस्तान की टीम सामने थी और बारिश के कारण मैच रद्द होने पर टॉप रैंक के आधार पर भारत को गोल्ड मिला था। इस बार महिला टीम ने गोल्ड जीता है और अब भारतीय पुरुष टीम से भी गोल्ड की उम्मीद है।
कहां देखें भारत-पाकिस्तान का गोल्ड मेडल मैच?
भारत और पाकिस्तान के बीच एशियन गेम्स 2026 का गोल्ड मेडल मैच SonyLIV ऐप और वेबसाइट पर लाइव देख सकेंगे। टीवी पर मुकाबले का सीधा प्रसारण Sony Sports Network के चैनलों पर होगा। यानी मोबाइल या लैपटॉप पर मैच देखने वाले दर्शकों के लिए SonyLIV विकल्प रहेगा, जबकि टीवी दर्शक Sony Sports के चैनलों पर मुकाबला देख पाएंगे।