Usman Tariq: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान की टीम के लिए एक नया एक्स-फैक्टर उभर कर सामने आया है, जिसका नाम उस्मान तारिक है. यह 28 साल का स्पिनर न सिर्फ अपनी अनोखी गेंदबाजी से बल्लेबाजों को परेशान कर रहे हैं, बल्कि उनकी जिंदगी की कहानी भी हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच रही है. उस्मान तारिक ने टूर्नामेंट में अभी तक 1 मैच खेला है और 3 विकेट चटकाए हैं. उनकी गेंदबाजी भारतीय बल्लेबाजी के लिए एक बड़ा खतरा मानी जा रही है.
उस्मान की हड्डी टीम इंडिया के लिए बड़ा खतरा
उस्मान तारिक का गेंदबाजी एक्शन काफी अलग है, उनका हाथ नीचे से आता है, जिसे साइड-ऑर्म भी कहा जाता है और वह गेंद रिलीज करने से पहले थोड़ी देर रुकते भी हैं. जिसके चलते गेंद हवा में धीमी चलती है, लेकिन कभी-कभी तेज भी आ सकती है और टर्न भी लेती है. उनका ये एक्शन बल्लेबाजों के लिए पड़ पाना काफी मुश्किल हो रखा है. लेकिन उनके इस एक्शन के पीछे एक बड़ी वजह है, जिसका खुलासा उस्मान तारिक ने खुद किया था.
उस्मान तारिक ने एक इंटरव्यू में बताया था, मेरे बाजू में दो कोहनियां हैं. मेरा बाजू कुदरती तौर पर मुड़ता है. मेरी जांच हो चुकी है और मुझे क्लियर किया जा चुका है. सभी को लगता है कि मैं अपनी बांह मोड़ता हूं या कुछ ऐसा. मेरी बांह बायोलॉजिकल वजह से मुड़ती है. यानी, उस्मान तारिक डबल जॉइंट एल्बो उन्हें बाकी गेंदबाजों से अलग बनाती है और वह इसका पूरा फायदा भी उठाते हैं.
एमएस धोनी ने कैसे बदली जिंदगी?
बता दें, उस्मान तारिक पहले दुबई में एक सेल्समैन के तौर पर काम करते थे. एक अच्छी नौकरी थी, लेकिन क्रिकेट का सपना उन्हें छोड़ नहीं रहा था. इस दौरान उन्होंने एमएस धोनी की बायोपिक ‘एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी’ देखी, जिसमें धोनी ने टिकट कलेक्टर की नौकरी छोड़कर क्रिकेट को चुना था. इस फिल्म से इतना प्रेरित हुए कि उस्मान ने अपनी नौकरी छोड़ दी और पाकिस्तान लौट आए. उन्होंने अपने गेम पर मेहनत की और अब वह पाकिस्तान के अहम खिलाड़ी के तौर पर पहचाने जा रहे हैं.
उस्मान तारिक ने 27 साल की उम्र में पाकिस्तान के लिए इंटरनेशनल डेब्यू किया. वह पाकिस्तान के लिए अभी तक 4 टी20 मैच खेल चुके हैं. इस दौरान उन्होंने 5.93 की इकॉनमी से रन खर्च करते हुए 11 विकेट चटकाए हैं. वह एक बार पारी में 4 विकेट भी ले चुके हैं.