IND vs PAK: हॉकी में मिलाया हाथ, पर क्रिकेट में क्या? एशियन गेम्स के गोल्ड मेडल मैच में टूटेगा यह सिलसिला?

IND vs PAK, Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 के पुरुष क्रिकेट सेमीफाइनल में श्रीलंका को 124 रनों से करारी शिकस्त देकर भारतीय टीम ने फाइनल में एंट्री कर ली है. शनिवार को गोल्ड मेडल के लिए होने वाले खिताबी मुकाबले में भारत का सामना अपने चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से होगा.

हालांकि, इस ब्लॉकबस्टर मुकाबले से पहले मैदान पर खेल के साथ-साथ मैदान के बाहर ‘हैंडशेक’ विवाद भी काफी सुर्खियों में रहने वाला है. सवाल यह उठ रहा है कि क्या मैच खत्म होने के बाद भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी बाकी खेलों के भारतीय एथलीट्स की तरह पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ मिलाएंगे या अपनी पुरानी पर कायम रहेंगे.

ऑपरेशन सिंदूर के बाद से क्रिकेट में नो-हैंडशेक

पिछले साल हुए ऑपरेशन सिंदूर के बाद से ही भारतीय क्रिकेटर्स ने आईसीसी और एशियन क्रिकेट काउंसिल के टूर्नामेंट्स में पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ मिलाने से परहेज किया है. लेकिन क्या इसे ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया (OCA) की ओर से आयोजित एशियन गेम्स में भी जारी रखा जाएगा, इस पर सभी की नजर रहने वाली है. हालांकि, एशियन गेम्स में भारतीय दल एक टीम के रूप में उतरता है. क्रिकेट टीम अलग से भाग न लेकर पूरे भारतीय दल का हिस्सा है. ऐसे में सभी भारतीय एथलीट इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन (IOA) के ध्वज तले मैदान में उतरते हैं. यहां टीम इंडिया सीधा BCCI का प्रतिनिधित्व नहीं कर रही है. ऐसे में दोनों देश के खिलाड़ी आपस में हाथ मिलाते हुए भी नजर आ सकते हैं.

नियम क्या कहते हैं?

ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया (OCA) और इंटरनेशनल ओलंपिक कमेटी (IOC) के नियमों के मुताबिक, मैच के बाद विरोधी से हाथ मिलाना नियम तौर पर जरूरी नहीं है, लेकिन इसे खेल भावना और फेयर प्ले की परंपरा का अहम हिस्सा माना जाता है. वहीं, इसी एशियन गेम्स के दौरान बाकी खेलों में भारतीय खिलाड़ियों को पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ मिलाते देखा गया है. टेबल टेनिस और स्क्वॉश के मुकाबलों में भारतीय एथलीट्स ने मैच के बाद पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ मिलाया था.

हाल ही में खेले गए हॉकी मैच में भी भारत और पाकिस्तान के खिलाड़ियों ने खेल खत्म होने के बाद एक-दूसरे से गर्मजोशी से हाथ मिलाया. इसके अलावा, नतीजा चाहे जो भी रहे, दोनों टीमों को मेडल सेरेमनी के दौरान एक साथ पोडियम शेयर करना होगा. पिछले हफ्ते गोल्ड मेडल जीतने वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने भी ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाली पाकिस्तानी टीम के साथ पोडियम शेयर किया था. हालांकि, उस दौरान भारत और पाकिस्तान की टीमें आपस में नहीं भिड़ी थीं.

Leave a Comment