एक तरफ इंग्लैंड में पाकिस्तान की मेंस टीम शर्मसार हो रही है तो वहीं UAE में पाकिस्तान की विमेंस टीम की धज्जियां उड़ गई हैं. विमेंस एशिया कप 2026 में टीम इंडिया ने ग्रुप स्टेज के मुकाबले में पाकिस्तान को सिर्फ 55 रन पर ऑल आउट कर दिया.
इस तरह पाकिस्तानी टीम ने महिला टी20 इंटरनेशनल में अपने सबसे छोटे स्कोर का नया रिकॉर्ड बना दिया. इससे पहले उसका सबसे छोटा स्कोर 56 रन था. श्री चरणी, प्रेमा रावत और दीप्ति शर्मा की स्पिन तिकड़ी ने पाकिस्तानी बल्लेबाजों को क्रीज पर टिकने भी नहीं दिया और लगातार तीसरे मैच में विरोधी टीम को 70 रन से कम के स्कोर पर ढेर कर दिया.
भारतीय स्पिनर्स के आगे पाकिस्तानी सरेंडर
दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में शनिवार 5 सितंबर को एशिया कप 2026 में ग्रुप ए के इस मुकाबले में पाकिस्तान ने पहले बैटिंग का फैसला किया. पाकिस्तान के लिए ओपनर मुनीबा अली और शवाल जुल्फिकार ने ठीक-ठाक शुरुआत की और 4.2 ओवर में 27 रन जोड़े. हालांकि, इस दौरान मुनीबा को 2 जीवनदान भी मिले, जब ने दोनों बार आसान कैच टपकाए. मगर न तो मुनीबा इसका फायदा उठा सकीं और न ही पाकिस्तानी टीम इस शुरुआत के दम पर बड़ा स्कोर खड़ा कर सकी.
पांचवें ओवर में 27 रन के स्कोर पर शेफाली वर्मा ने पहला विकेट गिराया और यहां से पतझड़ लग गया. इसकी वजह बनीं युवा स्पिनर श्री चरणी, जिन्होंने सिर्फ 5 रन के अंदर पाकिस्तान के अगले 3 विकेट गिरा दिए. चरणी ने अपने 4 ओवर में सिर्फ 7 रन खर्चे और 3 विकेट झटके. इसके बाद का काम प्रेमा रावत और दिग्गज स्पिनर दीप्ति शर्मा ने किया. दीप्ति ने पाकिस्तानी कप्तान फातिमा सना समेत पाकिस्तान के 2 बल्लेबाजों को पवेलियन लौटाया, जबकि प्रेमा रावत ने भी चरणी की तरह 4 ओवर में सिर्फ 9 रन देकर 3 शिकार किए.
47वीं बार हुआ पाकिस्तान का ये हाल
महिला टी20 इंटरनेशनल में पाकिस्तानी टीम का ये सबसे छोटा स्कोर है. इससे पहले पाकिस्तान को न्यूजीलैंड ने 56 रन पर ढेर कर दिया था. मगर पाकिस्तान के लिए शर्मिंदगी सबसे छोटे स्कोर की ही नहीं है बल्कि कितनी बार ये टीम ऐसे छोटे स्कोर पर आउट हुई है, वो चौंकाने वाला है. रिकॉर्ड बताते हैं कि टी20 इंटरनेशनल में पाकिस्तानी महिला टीम अब तक कुल 47 बार 100 रन से कम का स्कोर बना सकी है. इनमें से सिर्फ 1 मैच में उसे जीत मिली, जो भारत के खिलाफ ही था. वहीं वेस्टइंडीज के खिलाफ एक मैच टाई हुआ था, जबकि एक मैच बारिश के कारण रद्द हो गया था.