टी20 वर्ल्ड कप 2026 शुरू होने से ठीक 6 दिन पहले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने नया बवाल खड़ा कर दिया है. करीब एक हफ्ते तक वर्ल्ड कप में हिस्सा लेने को लेकर अपने फैसले को अटकाने वाली PCB ने भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार की घोषणा कर दी. बोर्ड ने पाकिस्तान सरकार के आदेश का हवाला देते हुए ऐलान किया कि वो वर्ल्ड कप में तो हिस्सा लेगी लेकिन 15 फरवरी को भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलेगी. इस फैसले ने टूर्नामेंट की योजनाओं को बिगाड़ दिया है और इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) इससे नाखुश है. ICC ने गंभीर परिणामों की चेतावनी देते हुए PCB से फैसले पर दोबारा विचार करने को कहा.
PCB ने रविवार 1 फरवरी को टी20 वर्ल्ड कप में खेलने का ऐलान करते हुए भारत के खिलाफ मैच के बायकॉट की भी घोषणा की. PCB के इस कदम को लेकर अटकलें पिछले कुछ दिनों से ही चल रही थीं. हालांकि, उस वक्त तक ICC ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी थी लेकिन आधिकारिक ऐलान के बाद इंटरनेशनल काउंसिल ने एक विस्तृत बयान जारी कर PCB से फैसले पर विचार करने को कहा और साथ ही कहा कि इसके गंभीर नतीजे होंगे, जिसका असर पूरे खेल के साथ ही पाकिस्तानी बोर्ड और उसके फैंस पर भी पड़ेगा.
ICC issues statement on ICC Mens T20 World Cup 2026. https://t.co/QTZbB5y75e
— ICC (@ICC) February 1, 2026
रविवार देर रात ICC की ओर से जारी बयान में कहा गया, “ICC को अभी भी PCB से आधिकारिक सूचना का इंतजार है, लेकिन ‘चुनिंदा भागीदारी’ की मौजूदा परिस्थिति का वैश्विक खेल आयोजन के बुनियादी आधार के साथ तालमेल बिठाना मुश्किल है. ऐसे आयोजनों के लिए क्वालिफाई करने वाली सभी टीमों से उम्मीद की जाती है कि वो तय कार्यक्रम के अनुसार समान शर्तों पर मुकाबला करें. ICC टूर्नामेंट खेल की अखंडता, प्रतिस्पर्धात्मकता, निरंतरता और निष्पक्षता पर आधारित होते हैं और चुनिंदा भागीदारी इन टूर्नामेंट की भावना और पवित्रता को कमजोर करती है.”
(खबर अपडेट हो रही है)