टी20 वर्ल्ड कप 2026 में लगातार दमदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में पहुंची भारतीय टीम ने कई रिकॉर्ड बनाए. ये सिलसिला फाइनल में भी जारी रहा, जहां भारतीय टीम पहले बैटिंग करने उतरी और उसने अपनी बल्लेबाजी की ताकत दिखाई. अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन की ओपनिंग जोड़ी ने वर्ल्ड कप में पहली अर्धशतकीय साझेदारी भी की. इस दौरान दोनों ने पहले ओवर से ही छक्के बरसाने शुरू कर दिए और इसके दम पर टीम इंडिया टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में सबस ज्यादा छक्के लगाने वाली टीम बन गई.
वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे ज्यादा छक्के
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रविवार 8 मार्च को शुरू हुए फाइनल में भारतीय टीम पहले बैटिंग के लिए उतरी. इस वर्ल्ड कप में लगातार नाकाम रहे अभिषेक शर्मा ने आखिरकार फाइनल में अपने बल्ले का दम दिखाया. स्टार ओपनर ने न्यूजीलैंड के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की और पावरप्ले में ही सिर्फ 18 गेंदों में विस्फोटक अर्धशतक जमा दिया. दूसरी ओर से संजू सैमसन ने भी अपनी अच्छी फॉर्म का सिलसिला जारी रखते हुए बाउंड्री बटोरी.
अभिषेक और संजू ने मिलकर शुरुआती 6 ओवर में ही 6 छक्के जमा दिए. इनकी मदद से टीम इंडिया ने वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा छक्के मारने के वेस्टइंडीज के रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया. भारतीय टीम ने जैसे ही 358वां छक्का लगाया, वो वेस्टइंडीज से आगे निकल गई. इसमें भी टीम इंडिया ने 94 छक्के इस वर्ल्ड कप के फाइनल में पावरप्ले तक ही जमा दिए थे, जिसमें सबसे ज्यादा 19 छक्के संजू सैमसन के बल्ले से निकले, जबकि उन्होंने सिर्फ 5 पारियों में ही बैटिंग की.
(खबर अपडेट हो रही है)