IND vs NZ Final: मिचेल सैंटनर की एक फोटो से मची खलबली, भारतीय फैंस की बढ़ी धड़कनें

अहमदाबाद में रविवार 8 मार्च को भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल खेला जाएगा. पहली बार दोनों टीम इस टूर्नामेंट के फाइनल में टकराने वाली हैं, जबकि वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2021 के बाद दोनों की फाइनल में ये पहली मुलाकात है. मौजूदा चैंपियन टीम इंडिया को जीत के लिए फेवरेट माना जा रहा. अब इसका फैसला तो पूरे 40 ओवर के मुकाबले में होगा. मगर फाइनल से एक दिन पहले ही न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर की फोटो ने भारतीय फैंस को बेचैन कर दिया है. कोई बयान या दावा नहीं, बल्कि एक फोटो.

असल में मैच से एक दिन पहले शनिवार 7 मार्च को न्यूजीलैंड के खिलाड़ियों ने नरेंद्र मोदी स्टेडियम में अभ्यास किया. साथ ही कीवी कप्तान सैंटनर ने फाइनल के लिए इस्तेमाल होने वाली पिच की झलक भी देखी. इस दौरान सैंटनर पिच पर खड़े होकर अपने फोन से फोटो खींचते हुए दिखे और ऐसा करते हुए खुद उनकी ही एक तस्वीर वायरल हो गई. इस फोटो ने भारतीय फैंस की धड़कनें बढ़ा दीं. अब इस फोटो में ऐसा था क्या, जो इसकी चर्चा होने लगी?

सैंटनर की फोटो क्यों हुई वायरल?

बात ऐसी है कि फोन पर पिच की तस्वीर खींचते हुए सैंटनर की इस फोटो ने वर्ल्ड कप 2023 की याद दिला दी. भारत के खिलाफ उस फाइनल से एक दिन पहले बिल्कुल इसी तरह ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस पिच की फोटो खींचते हुए नजर आए थे. वो फाइनल भी मोदी स्टेडियम में ही खेला गया था. तब खबरें आई थीं कि टीम इंडिया ने पिच में कुछ बदलाव करवाया था जो उस पर ही भारी पड़ा था और ऑस्ट्रेलिया ने खिताब जीता था. ऐसे में टी20 वर्ल्ड कप फाइनल से पहले सैंटनर के उस अंदाज ने टीम इंडिया के फैंस को थोड़ा परेशान तो कर ही दिया है.

सिर्फ फोटो ही नहीं, बयान भी वैसा ही

वैसे सिर्फ फोटो ही नहीं, बल्कि सैंटनर ने पैट कमिंस जैसा ही एक बयान भी दिया और ये भी सुर्खियों में आ गया. प्रेस कॉन्फ्रेंस में न्यूजीलैंड के कप्तान से पूछा गया कि कीवी टीम हमेशा दिल जीतती रही है तो क्या इस बार वो ट्रॉफी के लिए करोड़ों दिल तोड़ने को तैयार हैं. इसके जवाब में सैंटनर ने कहा कि वो ट्रॉफी जीतना चाहेंगे और अगर उनकी टीम छोटी-छोटी चीजों को सही से करेगी तो वो जीत सकते हैं. सैंटनर ने आगे कहा कि ट्रॉफी जीतने के लिए अगर एक बार उन्हें कुछ दिल तोड़ने पड़े तो उन्हें हर्ज नहीं. उनके इस बयान में कमिंस की झलक नजर आई, जिन्होंने 2023 के फाइनल से पहले कहा था कि एक लाख लोगों को शांत कराने से अच्छा एहसास कुछ नहीं और फिर हुआ भी यही था.

T20 वर्ल्ड कप 2026 से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए यहां क्लिक करें