IND vs NZ: भारतीय कप्तान के लिए खतरे की घंटी है टी20 वर्ल्ड कप का फाइनल, क्या सूर्या खत्म कर पाएंगे ये ट्रेंड?

Suryakumar Yadav, T20 World Cup 2026 Final: सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया इतिहास रचने से सिर्फ 1 कदम दूर है. भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 वर्ल्ड कप का फाइनल मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाना है. जहां टीम इंडिया अपना तीसरा टी20 वर्ल्ड कप जीतने की कोशिश करेगी. अभी तक कोई भी टीम ये कारनामा नहीं कर सकी है. वहीं, पहली बार कोई भी टी20 वर्ल्ड कप में अपना टाइटल डिफेंड करती हुई नजर आएगी. इस मैच में सूर्यकुमार यादव की नजर एक खराब ट्रेंड को खत्म करने पर भी रहेगी.

क्या सूर्या खत्म कर पाएंगे ये ट्रेंड?

टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में भारत ने तीन बार फाइनल खेला है, लेकिन कप्तान की बल्लेबाजी हर बार निराशाजनक रही है. भारतीय कप्तान फाइनल मैच में अब तक दहाई का स्कोर भी नहीं छू पाए हैं. यह एक अनोखा आंकड़ा है जो क्रिकेट फैंस के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है. पिछले तीनों फाइनलों में भारतीय कप्तान कुल मिलाकर सिर्फ 19 रन ही बना पाए हैं. यह एक ऐसा ट्रेंड है जहां कप्तान बड़े मैच में बल्ले से कमाल नहीं दिखा पाते. हालांकि टीम ने दो बार जीत हासिल की है. अब सारी नजरें सूर्यकुमार यादव पर टिकी हैं. मैच का नतीजा जो भी हो, लेकिन सूर्या की बल्लेबाजी इस आंकड़े को बदलने की सबसे बड़ी उम्मीद है.

बता दें, 2007 टी20 वर्ल्ड कप का फाइनल मैच भारत और पाकिस्तान के बीच खेला गया था. उस मैच में एमएस धोनी ने पाकिस्तान के खिलाफ सिर्फ 6 रन बना पाए थे. हालांकि भारत ने मैच जीतकर पहला टी20 वर्ल्ड कप अपने नाम किया था. फिर 2014 टी20 वर्ल्ड कप में एमएस धोनी श्रीलंका के खिलाफ 7 गेंदों पर सिर्फ 4 रन बना पाए थे और नाबाद रहे थे. इस मैच में भारत को हार का सामना करना पड़ा था. इसके बाद 2024 टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में भी रोहित शर्मा 5 गेंदों पर 9 रन की ही पारी खेल सके थे. हालांकि, खिताब भारत ने ही जीता था.

सूर्यकुमार यादव का दमदार प्रदर्शन

सूर्यकुमार यादव के लिए ये टूर्नामेंट अभी तक काफी शानदार रहा है. वह 8 मैचों में 34.57 की औसत से 242 रन बना चुके हैं. वह भारत की ओर से दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं. इस दौरान उन्होंने एक अर्धशतक भी लगाया है. ऐसे में सूर्यकुमार यादव न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले जाने वाले फाइनल में इस ट्रेंड को खत्म करते हुए नजर आ सकते हैं.

T20 वर्ल्ड कप 2026 से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए यहां क्लिक करें