IND vs NZ: न्यूजीलैंड ने 0 रन के अंदर गंवाए 3 विकेट, टीम इंडिया ने ऐसे लगाया विकेट का पतझड़

अगर वेलिंग्टन टेस्ट मैच में भारतीय गेंदबाजों ने पहले दिन के पहले सेशन में कहर बरपाया, तो क्राइस्टचर्च टेस्ट में ये काम दूसरे सेशन में हुआ. टेस्ट सीरीज के दूसरे मैच के पहले दिन भारतीय गेंदबाजों को विकेट के लिए काफी इंतजार करना पड़ा और पहला सेशन सिर्फ एक विकेट के साथ खत्म हुआ.

मगर दूसरे सेशन में भारतीय टीम ने दमदार वापसी की और विकेट का पतझड़ लगा दिया. आकाश दीप और अंशुल कंबोज ने मिलकर लगातार 3 ओवर में 3 विकेट झटके और न्यूजीलैंड को बैकफुट पर धकेल दिया.

दूसरे सेशन में छाई टीम इंडिया

हेगले ओवल मैदान पर न्यूजीलैंड ने पहली पारी में अच्छी शुरुआत की. कप्तान टॉम लैथम और डेवन कॉनवे की ओपनिंग जोड़ी ने 77 रन की साझेदारी की. हालांकि इस दौरान लैथम को एक बार जीवनदान भी मिला, जब केएल राहुल ने उनका कैच छोड़ दिया था. इसकी मदद से दोनों ने अर्धशतकीय साझेदारी की. पहले सेशन की आखिरी गेंद पर ये साझेदारी टूटी, जब डेब्यू कर रहे तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ ने कॉनवे को आउट किया.

विकेट गिरने के बावजूद न्यूजीलैंड बेहतर स्थिति में था और दूसरे सेशन में भी यही स्थिति बनती दिखी. लैथम ने अपना अर्धशतक पूरा कर लिया था और हेनरी निकल्स के साथ मिलकर टीम को 100 रन के पार पहुंचा दिया. अब भारत को विकेट की जरूरत थी और आया 42वां ओवर, जहां से टीम इंडिया की वापसी हुई. आकाश दीप और अंशुल कंबोज ने लगातार 3 ओवर में 3 विकेट गिरा दिए और इस दौरान एक भी रन नहीं खर्चा.

 

 

आकाश-अंशुल ने कराई वापसी

इसकी शुरुआत आकाश के ओवर की तीसरी गेंद से हुई, जो बिल्कुल ऑफ स्टंप की लाइन पर थी और पिच होने के बाद हल्की बाहर निकली. टॉम लैथम के पास गेंद को डिफेंड करने के अलावा कोई विकल्प नहीं था. मगर गेंद बल्ले का किनारा लेकर विकेटकीपर के ग्लव्स में चली गई. फिर अगले ओवर की पहली गेंद पर अंशुल कंबोज निकल्स को पवेलियन लौटा दिया. हालांकि ये काफी शॉर्ट गेंद थी और निकल्स ने इस पर पुल शॉट खेला लेकिन इस शॉट में ज्यादा ताकत नहीं थी और इसलिए वो डीप फाइन लेग पर आउट हो गए.

 

 

फिर 44वें ओवर की आखिरी गेंद पर आकाश ने रचिन रवींद्र को भी बिल्कुल उसी गेंद पर आउट किया, जिस पर लैथम का विकेट मिला था. रचिन रवींद्र अपना खाता भी नहीं खोल सके. इस तरह लगातार 3 ओवर में न्यूजीलैंड का स्कोर 110/1 से 110/4 हो गया. इसकी मदद से ही दूसरा सेशन टीम इंडिया के नाम रहा, जहां सिर्फ 54 रन बने और 3 विकेट गिरे.

Leave a Comment