IND vs NZ: वैभव-कुलदीप IN, संजू-अक्षर OUT! हैमिल्टन टी20 में कैसी होगी भारत की प्लेइंग XI

IND vs NZ 5th T20I Playing XI: भारत और न्यूजीलैंड के बीच रविवार (1 नवंबर) को टी20 सीरीज का 5वां और आखिरी मुकाबला खेला जाएगा. यह मुकाबला हैमिल्टन के सेडन पार्क में होगा. भारतीय टीम सीरीज में पहले से 3-1 से आगे चल रही है.

हालांकि पिछले टी20 में भारतीय टीम को न्यूजीलैंड से करारी हार मिली थी. ऐसे में श्रेयस अय्यर की अगुवाई वाली टीम इंडिया आखिरी मैच में जीत हासिल कर सीरीज खत्म करना चाहेगी. हालांकि जिस तरह पिछले मैच में टीम इंडिया का प्रदर्शन था, उसे देखते हुए प्लेइंग-11 के कॉम्बिनेशन में कुछ बदलाव किए जा सकते हैं. सीरीज के आखिरी मैच में टीम इंडिया की प्लेइंग-11 में वैभव सूर्यवंशी की वापसी हो सकती है, जबकि संजू को बाहर किया जा सकता है. जानें कैसी होगी प्लेइंग-11…

संजू की जगह आएंगे वैभव सूर्यवंशी

न्यूजीलैंड के खिलाफ आखिरी टी20 में 15 साल के युवा सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को मौका दिया जा सकता है. वैभव सूर्यवंशी को संजू सैमसन की जगह प्लेइंग-11 में मौका मिल सकता है. संजू सैमसन ने इस सीरीज में अभी तक सभी 4 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 67, 14 , 18 और 4 रन बनाए हैं. टीम मैनेजमेंट उन्हें पूरा सपोर्ट कर रहा है, लेकिन आखिरी मैच में उन्हें आराम देने पर विचार किया जा सकता है. अगर ऐसा होता है तो वैभव सूर्यवंशी के लिए जगह खाली हो जाएगी. बता दें कि वैभव सूर्यवंशी ने तीसरे टी20 में ओपनिंग करते हुए सिर्फ 19 गेंद पर 45 रनों की पारी खेली थी.

क्या भुवी की होगी वापसी?

चौथे टी20 में भारतीय गेंदबाजों की जमकर पिटाई हुई थी. भारतीय टीम के गेंदबाजों ने इस मुकाबले में 259 रन लुटाए. इस मैच में अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार को ड्रॉप कर दिया गया था. भुवी ने 4 साल बाद वापसी की थी, लेकिन उनका सीरीज के 3 मैचों में उनका प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था. इसके चलते भुवी को प्लेइंग-11 से बाहर कर दिया गया था. हैरानी की बात यह है कि भुवी ने जिन 3 मैचों में खेला, उसमें भारत ने सभी मुकाबले जीते थे. ऐसे में सीरीज का आखिरी मैच में भुवनेश्वर कुमार की वापसी हो सकती है. अगर भुवी प्लेइंग-11 में वापस आते हैं, तो किसी मयंक या प्रिंस यादव में से किसी एक को बाहर किया जाएगा. इसके अलावा अर्शदीप सिंह को आराम देकर भी भुवी के लिए जगह बनाई जा सकती है.

क्या कुलदीप को मिलेगा मौका?

इस मुकाबले से पहले बड़ा सवाल है कि क्या भारतीय टीम की प्लेइंग-11 में कुलदीप यादव या वरुण चक्रवर्ती को शामिल किया जाएगा. अभी तक इस सीरीज में इन दोनों को एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला है. माना जा रहा है कि कुलदीप यादव को आखिरी टी20 में मौका दिया जाएगा, क्योंकि वरुण चक्रवर्ती ने लंबे समय से कोई मैच नहीं खेला है.ॉ

5वें टी20 के लिए भारत की संभावित प्लेइंग XI

वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर, तिलक वर्मा, अक्षर पटेल, नीतीश कुमार रेड्डी, कुलदीप यादव, मयंक यादव/भुवनेश्वर कुमार, प्रिंस यादव, अर्शदीप सिंह.

Leave a Comment