क्राइस्टचर्च में न्यूजीलैंड को दो टी20 मैच जीतने के बाद अब टीम इंडिया वेलिंगटन में सीरीज सील करने की कोशिश करेगी. न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरा टी20 वेलिंगटन के हेनरी मैदान पर है. ये मैदान न्यूजीलैंड के लिए पिछले 6 सालों से बेहद अनलकी बना हुआ है.
इस मैदान पर जीत हासिल करना न्यूजीलैंड के लिए टेढ़ी खीर साबित हुआ है. यही वजह है कि टीम इंडिया के पास तीसरे मैच में ही टी20 सीरीज जीतने का मौका रहेगा. आइए आपको बताते हैं हेनरी स्टेडियम में न्यूजीलैंड और भारत के रिकॉर्ड के बारे में, साथ ही जानिए कैसी है यहां कि पिच और कैसा रहेगा मौसम. साथ ही जानिए प्लेइंग इलेवन में क्या बदलाव होने वाले हैं.
हेनरी स्टेडियम में भारत-न्यूजीलैंड का प्रदर्शन
न्यूजीलैंड का हेनरी स्टेडियम में रिकॉर्ड औसत रहा है. पिछले 6 सालों में तो इस मैदान पर जीतना उसके लिए बेहद मुश्किल रहा है. साल 2020 से कीवी टीम हेनरी स्टेडियम में 7 में से 2 ही मैच जीती है.
भारत ने इस मैदान पर न्यूजीलैंड से तीन में से दो टी20 मैच गंवाए हैं. लेकिन पिछला मैच जो कि 2020 में खेला गया था उसे टीम इंडिया ने जीता था. ये मैच टीम इंडिया सुपर ओवर में जीती थी.
वेलिंगटन में टी20 के आंकड़े
वेलिंगटन के हेनरी स्टेडियम में कुल 26 टी20 मैच हुए हैं. पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम 12 और पहले गेंदबाजी करने वाली टीम 14 मैच जीती है.
वेलिंगटन की पिच और मौसम
वेलिंगटन में भी ड्रॉप इन पिच का इस्तेमाल होता है जो बल्लेबाजों को मदद देती है. लेकिन मैदान पर चलने वाली तेज हवाएं भी किसी मुसीबत से कम नहीं होती. इस मैदान पर मैच के दिन 55 किमी. प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है और बारिश भी हो सकती है, जिससे बल्लेबाजों को दिक्कत संभव है. इस मैदान पर 160 से 170 रन अच्छा माना जाता है.
भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन
संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, श्रेयस अय्यर, तिलक वर्मा, नमन धीर, नीतीश रेड्डी, अक्षर पटेल, भुवनेश्वर कुमार, अर्शदीप सिंह और प्रिंस यादव.
न्यूजीलैंड की संभावित प्लेइंग इलेवन
फिन एलेन, टिम साइफर्ट, डैरेल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, बेवॉन जैकब्स, माइकल ब्रेसवेल, मिचेल सैंटनर, नैथन स्मिथ, काइल जेमिसन, एडम मिल्न और जैकब डफी.