IND vs NAM: कोहली ने 2016 में बनाया जो रिकॉर्ड, हार्दिक पंड्या ने T20 वर्ल्ड कप 2026 में की उसकी बराबरी

टीम इंडिया लगातार दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप जीतने की कोशिशों के साथ मैदान पर उतर चुकी है. पिछली बार रोहित शर्मा की कप्तानी में भारतीय टीम ने खिताब जीता था. इस बार सूर्यकुमार यादव के नेतृत्व में भारतीय टीम इस सफलता को दोहराने उतरी है. इसके लिए टीम के हर खिलाड़ी का दमदार प्रदर्शन आना जरूरी होगा लेकिन एक खिलाड़ी पर सबसे ज्यादा नजरें हैं, वो हैं स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या. दो साल पहले भी हार्दिक के यादगार प्रदर्शन ने टीम को को खिताब जिताने में बड़ी भूमिका निभाई थी. अब एक बार फिर हार्दिक से इसकी उम्मीद है. इसकी शुरुआत भी उन्होंने कर दी है.

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के पहले मैच में बल्ले और गेंद से पूरी तरह नाकाम रहे हार्दिक पंड्या ने दूसरे मैच में दोनों ही मोर्चों पर अपना जलवा बिखेरा. नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में नामीबिया के खिलाफ टीम इंडिया ने बड़ी जीत दर्ज की. इस जीत के हीरो हार्दिक ही रहे, जिन्होंने अपने ऑलराउंड प्रदर्शन से नामीबिया को चित कर दिया. इसकी शुरुआत हार्दिक ने बैटिंग में की, जब उन्होंने विस्फोटक अर्धशतक लगाया. फिर मैच का अंत बेहतरीन स्पैल के साथ किया.

नामीबिया के खिलाफ चमके हार्दिक

पहले मैच में USA के खिलाफ बाकी बल्लेबाजों की तरह हार्दिक भी नाकाम रहे थे और सिर्फ 5 रन बनाकर आउट हो गए थे. इस बार भारतीय ऑलराउंडर ने जबरदस्त पारी खेली. उन्होंने सिर्फ 28 गेंदों में धुआंधार पारी खेलते हुए 52 रन बनाए, जिसमें 4 छक्के और इतने ही चौके शामिल थे. इसके बाद बारी गेंदबाजी की थी. अमेरिका के खिलाफ हार्दिक को गेंद से भी सफलता नहीं मिली थी लेकिन यहां उन्होंने अपना कमाल दिखाया. शुरुआती 3 ओवर में तो उन्हें कोई विकेट नहीं मिला लेकिन अपने आखिरी ओवर में हार्दिक ने लगातार 2 विकेट झटके. हालांकि वो अपनी हैट्रिक पूरी नहीं कर पाए. फिर भी अपनी तेज गेंदबाजी से उन्होंने सिर्फ 21 रन देकर 2 विकेट लिए.

टी20 वर्ल्ड कप की हर ख़बर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

10 साल बाद कोहली के रिकॉर्ड की बराबरी

हार्दिक को इस प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड दिया गया. मगर सिर्फ अवॉर्ड ही नहीं, बल्कि उन्होंने विराट कोहली के एक बेहद खास रिकॉर्ड की बराबरी भी कर ली. टी20 वर्ल्ड कप के एक मैच में अर्धशतक और विकेट लेने का कमाल 2 बार करने वाले हार्दिक सिर्फ दूसरे भारतीय बन गए. उन्होंने इससे पहले 2024 के एडिशन में बांग्लादेश के खिलाफ 50 रन और 1 विकेट अपने नाम किए थे. इस तरह हार्दिक ने पूर्व कप्तान विराट कोहली की बराबरी कर ली. कोहली ने वर्ल्ड कप 2012 में पाकिस्तान के खिलाफ 78 रन बनाने के साथ 1 विकेट भी लिया था. फिर 2016 में वेस्टइंडीज के खिलाफ सेमीफाइनल में 89 रन बनाते हुए 1 विकेट भी झटका था.