IND vs ENG Weather Report: आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्डकप 2026 का दूसरा सेमीफाइनल 5 मार्च 2026, गुरुवार को भारत और इंग्लैंड के बीच खेला जाएगा. यह मुकाबला मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में शाम 7 बजे (भारतीय समयानुसार) शुरू होगा.
क्रिकेट फैंस के लिए राहत की खबर यह है कि मैच के दौरान मौसम पूरी तरह साफ रहने की संभावना है.
कैसा रहेगा मुंबई का मौसम?
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 5 मार्च को मुंबई में आसमान बिल्कुल साफ रहेगा और बारिश की संभावना शून्य प्रतिशत बतायी जा रही है. दिन का अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है, जबकि रात में तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है. नमी का स्तर 35 से 51 प्रतिशत के बीच रहेगा. यानी खिलाड़ियों को किसी भी तरह की मौसम से जुड़ी परेशानी नहीं होगी.
वानखेड़े स्टेडियम की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जाती है. साफ मौसम के कारण ओस भी अहम भूमिका निभा सकती है, जिससे टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी का फैसला ले सकती है.
अगर बारिश हुई तो क्या होगा?
हालांकि फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है, फिर भी आईसीसी ने एहतियात के तौर पर रिजर्व डे रखा है. अगर किसी कारणवश 5 मार्च को मैच पूरा नहीं हो पाता, तो 6 मार्च (शुक्रवार) को रिजर्व डे पर मुकाबला खेला जाएगा.
लेकिन अगर किसी कारण सेमीफाइनल और रिजर्व डे दोनों ही बारिश की भेंट चढ़ जाते हैं, तो नियम के अनुसार इंग्लैंड की टीम सीधे फाइनल में पहुंच जाएगा. इसकी वजह यह है कि इंग्लैंड सुपर-8 चरण में अपने ग्रुप में पहले स्थान पर रहा था, जबकि भारत दूसरे स्थान पर था.
फाइनल पर टिकी निगाहें
इस मुकाबले के विजेता का सामना फाइनल में 8 मार्च को होगा. ऐसे में दोनों टीमों के लिए यह मैच बेहद अहम है. भारत लगातार तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में इंग्लैंड से भिड़ रहा है, जिससे मुकाबले का रोमांच और भी बढ़ गया है. फिलहाल मौसम की साफ तस्वीर ने फैंस की चिंता दूर कर दी है. अब सबकी नजर 5 मार्च की शाम पर है, जब मुंबई में क्रिकेट का एक और बड़ा मुकाबला खेला जाएगा.