आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का दूसरा सेमी फाइनल मुकाबला कल (पांच मार्च) भारत और इंग्लैंड के बीच मुंबई में खेला जाएगा. अहम मुकाबले से पूर्व देश के मुख्य गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल ने कुछ दिलचस्प सवालों का जवाब दिया है.
टूर्नामेंट में आउट ऑफ फॉर्म चल रहे सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा का उन्होंने बचाव किया है और उनके आगामी मुकाबले में खेलने के लिए संकेत दिए हैं. उनका कहना है, ‘कल का दिन अभिषेक के लिए एक फ्रेश पेज की तरह है. वह इस मौके का फायदा उठा सकते हैं.
मोर्कल ने याद दिलाया अभिषेक का प्रदर्शन
गेंदबाजी कोच ने इंग्लैंड के खिलाफ अभिषेक शर्मा के प्रदर्शन को भी याद दिलाया है. उन्होंने कहा यहां पर (वानखेड़े स्टेडियम) इंग्लैंड के खिलाफ उन्होंने पहले भी शतक जड़ा है. उनको उसी ‘फील-गुड’ पल से प्रेरणा लेनी चाहिए.
अभिषेक के बल्लेबाजी तकनीक पर दिया जवाब
भारतीय कोच ने अभिषेक को बेखौफ होकर खेलने की सलाह दी है. यहीं नहीं उनका मानना है कि अभिषेक के बल्लेबाजी तकनीक में कोई खामी नहीं है. उन्होंने कहा, ‘वह ऐसे बल्लेबाज हैं जो तकनीक पर ज्यादा जोर नहीं देते हैं. अगर उनके बल्ले से एक दो अच्छे शॉट्स आ गए तो वह खुद ब खुद लय में आ जाएंगे.
मोर्कल ने सैमसन का सराहा
मोर्कल ने संजू सैमसन की भी सराहना की है. उन्होंने कहा, ‘एक महत्वपूर्ण मुकाबले में संजू ने अपना अनुभव और क्लास दिखाया है. पेशेवर खेल के लिए हमेशा तैयार रहना सबसे बड़ी खूबी है, ताकि मौका मिलते ही आप खुद को साबित कर पाएं.’
मोर्कल ने हाई-स्कोरिंग मैच की भविष्यवाणी की
पिच के मिजाज को देखते हुए मोर्कल ने एक हाई-स्कोरिंग मैच की भविष्यवाणी की है. हालांकि, उन्होंने ओस को बड़ी चुनौती माना है. पिच के बारे में बातचीत करते हुए उन्होंने कहा, ‘गर्मी को देखते हुए सटीक अनुमान लगाना काफी मुश्किल है. मगर हम हाई-स्कोरिंग मैच के लिए खुद को तैयार कर रहे हैं.’
फील्डिंग में सुधार की जरूरत
मोर्कल ने फील्डिंग में सुधार की जरूरत बताई है. उनका कहना है, ‘मैदान में 15 से 20 रन अतिरिक्त गंवा रहे हैं. इस क्षेत्र में खिलाड़ियों को अतिरिक्त मेहनत करने की जरूरत है.’